दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने राजधानी में अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क पर शिकंजा कसने के लिए बड़ा अभियान चलाया है। इस अभियान के दौरान पुलिस ने सैकड़ों अपराधियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही भारी मात्रा में हथियार भी बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई का हिस्सा बताई जा रही है। स्पेशल सेल ने अभियान के दौरान पाकिस्तानी आतंकी और गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े 6 शूटरों को भी गिरफ्तार किया है।
Highlights:
पुलिस के मुताबिक, शहजाद भट्टी का नाम पंजाब में हुए कई ग्रेनेड हमलों में सामने आ चुका है। बताया जा रहा है कि उसने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके भाई अनमोल बिश्नोई को जान से मारने की धमकी भी दी थी। पुलिस अब गिरफ्तार शूटरों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क और गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।
Air Now के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें:-
हत्या के मामले में फरार आरोपी भी गिरफ्तार
इधर, दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने हत्या के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे राकेश उर्फ टिंकू को भी गिरफ्तार किया है। वह कुख्यात ज्योति बाबा गैंग का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है। पुलिस ने उसके पास से एक सेमी-ऑटोमैटिक ब्रेटा पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी दिल्ली के हरिनगर थाने में दर्ज हत्या के मामले में वांछित था।
क्राइम ब्रांच के अनुसार, राकेश को पहले अंतरिम जमानत मिली थी, लेकिन वह अदालत में पेश नहीं हुआ और फरार हो गया। इसके बाद कोर्ट ने उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। हाल ही में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की लोकेशन का पता लगाया गया।
भागने के दौरान पुलिस ने दबोचा
5 मई को क्राइम ब्रांच को आरोपी के बारे में गुप्त सूचना मिली। इसके बाद एएसआई अनिल, हेड कांस्टेबल जनक गिल और कांस्टेबल संदीप की टीम ने इंस्पेक्टर पंकज ठाकरण के नेतृत्व में जाल बिछाया। जब पुलिस ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की तो उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से हथियार और कारतूस बरामद हुए। इसके बाद उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत नया मामला भी दर्ज किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि 32 वर्षीय राकेश उर्फ टिंकू दिल्ली के नजफगढ़ इलाके का रहने वाला है। उसने 12वीं तक पढ़ाई की थी, लेकिन किशोरावस्था में गलत संगत में पड़ गया। साल 2018 में वह पहली बार तिहाड़ जेल गया, जहां उसकी मुलाकात अपराध जगत के कई लोगों से हुई। धीरे-धीरे वह ज्योति बाबा गैंग का सक्रिय सदस्य बन गया।
यह भी पढ़ें: बाबूलाल मरांडी ने CCTV टेंडर में घोटाले का लगाया आरोप, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को लिखा पत्र
पुलिस के मुताबिक, राकेश हत्या, हमला, अवैध हथियार रखने और लूट जैसी कई वारदातों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ दिल्ली के अलग-अलग थानों में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। दिल्ली पुलिस का कहना है कि राजधानी में संगठित अपराध और गैंगस्टर गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।


