गिरिडीह : जिले के धनवार थाना क्षेत्र के लाल बाजार के पास सुबह करीब 5 बजे यात्री बस और स्विफ्ट कार के बीच हुई जोरदार टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. बताया जा रहा है कि घटना के समय कार में सवार लोग देवघर से एक शादी समारोह से लौट रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही धनवार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को आननफानन में अस्पताल भिजवाया।
इधर मृतकों की पहचान बिरनी थाना क्षेत्र निवासी 70 वर्षीय बंगाली हाड़ी और 24 वर्षीय कुमकुम कुमारी के रूप में हुई है. जबकि घायलों में सुकरी देवी, तारा देवी, रोनित कुमार, जयनारायण और अरविंद यादव शामिल हैं. बताया जा रहा है कि यात्री बस खोरीमहुआ की ओर जा रही थी, जबकि कार देवघर से बिरनी की ओर लौट रही थी. इसी दौरान लाल बाजार के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई.
इसे भी पढ़ें : गिरिडीह के घोड़थम्भा में दो पक्षों में खूनी झड़प: पांच घायल, तीन की हालत नाजुक
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. बताया जा रहा है कि बिरनी थाना क्षेत्र के बरमसिया गांव निवासी जयनारायण राम का परिवार देवघर में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गया था. लौटने के दौरान यह हादसा हो गया.

