Saturday, April 25, 2026

बोकारो में 40 हजार की सुपारी देकर कराई गई महिला की हत्या, 5 गिरफ्तार

बोकारो: बोकारो जिले के चंद्रपुरा थाना क्षेत्र में जमुनिया नदी से बोरे में बंद महिला का शव मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला की हत्या आपसी विवाद के कारण 40 हजार रुपये की सुपारी देकर कराई गई थी। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में गुड्डू वर्णवाल उर्फ मुकेश कुमार, शौकत राजा उर्फ गुड्डू अंसारी, जागेश्वर महतो, अनिल कुमार और विवेक कुमार शामिल हैं।

नदी में बोरे में मिला था महिला का शव

पुलिस के अनुसार 23 अप्रैल को चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के तरंगा पंचायत स्थित चिरूबाद गांव के पास जमुनिया नदी में एक प्लास्टिक के बोरे में बंद महिला का शव तैरता हुआ मिला था। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। इस मामले में चंद्रपुरा थाना में कांड संख्या 45/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बोकारो एसपी के निर्देश पर बेरमो एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि चास थाना क्षेत्र की रहने वाली बेबी देवी 20 अप्रैल से लापता थी।
बाद में परिजनों ने शव की पहचान बेबी देवी के रूप में की।

Air Now के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें:-

तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और परिजनों के संदेह के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसी दौरान पुलिस ने सबसे पहले गुड्डू वर्णवाल उर्फ मुकेश कुमार और अनिल कुमार को सेक्टर-9 इलाके से हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि आपसी विवाद के चलते बेबी देवी की हत्या की साजिश रची गई थी। हत्या को अंजाम देने के लिए 40 हजार रुपये की सुपारी दी गई थी। हत्या के बाद आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए शव को प्लास्टिक के बोरे में भरकर जमुनिया नदी में फेंक दिया था।

यह भी पढ़ें: खूंटी के मुरहू में अवैध अफीम के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, एक फरार

हत्या में इस्तेमाल कार और मोबाइल बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई एक स्विफ्ट कार और आठ मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जांच के दौरान कार की पिछली सीट के नीचे खून के निशान और महिला के बाल भी मिले हैं। पुलिस के अनुसार ये इस मामले के महत्वपूर्ण साक्ष्य हैं। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हत्या की साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे। घटना के खुलासे के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Air Now के यूट्यूब चैनल को देखने के लिए यहां क्लिक करें:-

एयर नाउ स्पेशल

एयर नाउ की खबर का असर, कार्यपालक अभियंता रघुनंदन...

रांची : पिछले दिनों लोहरदगा कोर्ट की ओर से धोखाधड़ी मामले में जेल की सजा होने के बाद और इस संबंध में एयर नाउ...
- Advertisement -spot_img
App Logo

Download Our App

Download Now ➥

ट्रेंडिंग खबर