मुर्शिदाबाद: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी पर हमले का आरोप लगा है। बहरामपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रचार के दौरान कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
Highlights:
क्या है पूरा मामला
आज यानी शनिवार सुबह अधीर रंजन चौधरी अपने समर्थकों के साथ बहरामपुर के वार्ड नंबर 19 में चुनाव प्रचार कर रहे थे। इसी दौरान टीएमसी पार्षद भीष्मदेव कर्माकर अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार को प्रचार करने से रोकने की कोशिश की, जिससे दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते यह विवाद झड़प में बदल गया और दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई होने लगी। मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ देर तक इलाके में तनाव की स्थिति बनी रही।
काफिले को रोकने का आरोप
अधीर रंजन चौधरी ने आरोप लगाया कि भारी संख्या में केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती के बावजूद टीएमसी कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले को रोकने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के बावजूद इस तरह की घटना चिंताजनक है। कांग्रेस पार्टी ने बहरामपुर सीट से अधीर रंजन चौधरी को उम्मीदवार बनाया है। उनके चुनावी हलफनामे के अनुसार, उन्होंने ₹48.40 लाख की चल संपत्ति घोषित की है, जो 2024 की तुलना में करीब ₹9.05 लाख अधिक है। हलफनामे में बताया गया है कि उनके पास ₹94,500 नकद हैं, जबकि उनकी पत्नी अतासी के पास ₹7.25 लाख नकद और करीब ₹1.27 करोड़ की चल संपत्ति है।
यह भी पढ़ें: जमशेदपुर में जीजा ने नाबालिग साली को बनाया हवस का शिकार, विरोध करने पर दी जान से मारने की धमकी
आपराधिक मामले भी दर्ज
हलफनामे के अनुसार, अधीर रंजन चौधरी के खिलाफ तीन आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। हालांकि, इन मामलों को लेकर विस्तार से जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।

