पटना : पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में रविवार से तीन दिवसीय बिहार दिवस को लेकर मुख्य समारोह होने जा रहा है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शाम साढ़े पांच बजे बिहार दिवस समारोह का उद्घाटन करेंगे. इस दौरान उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा विशिष्ट अतिथि होंगे, जबकि शिक्षा मंत्री सुनील कुमार कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
Highlights:
इससे पहले शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डाॅ. बी. राजेन्दर शनिवार को समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे नजर आए. शिक्षा विभाग के तमाम पदाधिकारियों की तैनाती गांधी मैदान में आयोजन स्थल पर की गई है। 24 मार्च तक होने वाले समारोह में विभिन्न विभागों के पंडाल और स्टाल लगाये गए हैं, जहां जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
‘उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार’ थीम
‘उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार’ थीम पर आधारित बिहार दिवस समारोह में राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया गया है। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ना है। बिहार अपने 114वें स्थापना दिवस को इस वर्ष अभूतपूर्व उत्साह और भव्यता के साथ मना रहा है। 22 मार्च 1912 को बिहार को बंगाल प्रेसीडेंसी से अलग कर एक स्वतंत्र प्रांत का गठन किया गया था। इसी ऐतिहासिक अवसर को स्मरण करते हुए राज्य सरकार ने उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार थीम के अंतर्गत तीन दिवसीय समारोह का आयोजन किया है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों का होगा आयोजन
मुख्य आयोजन स्थल गांधी मैदान के अलावा श्रीकृष्ण मेमोरियल हाल और रविन्द्र भवन में भी सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। रविवार को गायिका सोना मोहपात्रा, सोमवार को गायक शान और मंगलवार को गायक पापोन गांधी मैदान में प्रस्तुति देंगे। श्रीकृष्ण मेमोरियल हाल में शास्त्रीय गायक पंडित जगत नारायण पाठक, दरभंगा घराना के मलिक ब्रदर्स और डुमरांव घराना के पंडित रामजी मिश्रा अपनी विशिष्ट प्रस्तुतियों से शास्त्रीय संगीत की गरिमा को जीवंत करेंगे। मंगलवार को ग़ज़ल और मुशायरा सत्र का आयोजन भी किया जाएगा, जिसका संयोजन अलोक राज करेंगे।

