गोड्डा : अंधविश्वास के नाम पर खून की ऐसी खौफनाक कहानी सामने आई है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। देवदांड थाना क्षेत्र के डांगा गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस ट्रिपल मर्डर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
इस सनसनीखेज हत्याकांड का अब पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में जो सच्चाई सामने आई, वह बेहद चौंकाने वाली है। इस वारदात को अंजाम देने वाले कोई बाहरी नहीं, बल्कि मृतकों के अपने ही गोतिया (रिश्तेदार) निकले। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि ‘डायन-बिसाही’ के शक में आरोपियों ने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि अंधविश्वास के जाल में फंसकर आरोपियों ने रिश्तों को ही खत्म कर दिया। शक और डर ने ऐसा रूप लिया कि अपनों ने ही अपनों की जान ले ली। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।

