रांची : राजधानी के एयरपोर्ट थाना में केंद्रीय जांच एजेंसी ईडी के दो अधिकारियों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी मामले की सीबीआई जांच शुरू हो गई है. हाईकोर्ट के आदेश के बाद दिल्ली सीबीआई की स्पेशल क्राइम ब्रांच ने एयरपोर्ट थाना कांड संख्या 5/2026 को टेकओवर किया. इस संबंध में बीते दिनों झारखंड हाईकोर्ट ने आदेश दिया था. सीबीआई अब इस पूरे मामले की विस्तृत जांच करेगी। इसके लिए दिल्ली से विशेष टीम के जल्द रांची पहुंचने की संभावना है.
Highlights:
13 जनवरी को दर्ज हुई प्राथमिकी
सीबीआई ने अपनी एफआईआर 3 एस/2026 में ईडी के असिस्टेंट डायरेक्टर प्रतीक और ऑफिस असिस्टेंट शुभम को नामजद आरोपी बनाया है। इस मामले के वादी पीएचईडी कर्मी संतोष कुमार हैं। उन्होंने 13 जनवरी को एफआईआर दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि 12 जनवरी को रांची स्थित ईजी जोनल ऑफिस में पूछताछ के दौरान उनके साथ मारपीट की गई। इस दौरान उनका सिर फोड़ दिया गया और परिजनों को जेल भेजने की धमकी दी गई। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद 15 जनवरी को रांची पुलिस की टीम मामले की जांच करने ईडी कार्यालय पहुंची थी.
16 जनवरी को हाईकोर्ट पहुंचा ED
बाद में 16 जनवरी को ईडी ने मामले में रांची पुलिस की जांच को रोकने और इसकी जांच सीबीआई से कराने का आग्रह लेकर झारखंड हाईकोर्ट में मामला दायर किया था, जिसके बाद झारखंड हाईकोर्ट ने मामले की पुलिस जांच पर रोक लगा दी थी. बाद में इस मामले में दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद 11 मार्च को हाईकोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीबीआई जांच का आदेश दिया था।

