सुल्तानपुर: कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर स्थित MP/MLA कोर्ट में पेश हुए। यह मामला केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर की गई कथित टिप्पणी से जुड़ा है। कोर्ट में राहुल गांधी ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार किया।
Highlights:
सुनवाई के दौरान
राहुल गांधी करीब 20 मिनट तक कोर्ट में मौजूद रहे और अपना बयान दर्ज कराया। उनके वकील ने बताया कि राहुल ने कहा कि यह मामला राजनीतिक दुर्भावना के तहत दर्ज कराया गया है और इसमें कोई ठोस आधार नहीं है। कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई की तारीख 9 मार्च तय की है। कोर्ट में मौजूद वकीलों के मुताबिक, राहुल गांधी ने कोर्ट पहुंचते ही जज को हाथ जोड़कर प्रणाम किया। सुनवाई पूरी होने के बाद उन्होंने जज को धन्यवाद भी कहा और फिर वहां से रवाना हो गए।
रामचेत मोची के परिवार से मिलने पहुंचे
कोर्ट से निकलने के बाद राहुल गांधी सुल्तानपुर में रामचेत मोची की दुकान के लिए रवाना हुए। रामचेत की तीन महीने पहले कैंसर से मौत हो गई थी। रामचेत वही मोची थे, जिनकी दुकान पर एक साल पहले राहुल गांधी ने जूते सिले थे। बाद में उन्होंने रामचेत को सिलाई मशीन भी भेजी थी। राहुल गांधी उनके परिवार से मिलने पहुंचे और संवेदना व्यक्त की। यह मामला राहुल गांधी के एक पुराने बयान से जुड़ा है, जिसमें उन्होंने अमित शाह को लेकर कथित टिप्पणी की थी। इस बयान के बाद उनके खिलाफ मानहानि का केस दर्ज कराया गया था।

