रांची : राजधानी के बीआईटी मेसरा ओपी थाना क्षेत्र स्थित टोयटा शो रूम के पास बीते दिनों फायरिंग करने वाले कुख्यात राहुल सिंह गिरोह के पांच अपराधी को रांची पुलिस ने गिरफ्तार किया है. इस संबंध में बुधवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि एसएसपी राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर उनके नेतृत्व में पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए अमन ठाकुर, करण कुमार, विशाल मुंडा, सेंटू सिंह और रामानंद शुक्ला को गिरफ्तार किया है. इनके पास से घटना में प्रयुक्त हथियार और मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है.
Highlights:
4 फरवरी की शाम हुई घटना
घटना को लेकर सिटी एसपी बताया कि 4 फरवरी की शाम करीब पांच बजे, बीआईटी मेसरा थाना क्षेत्र के टोयोटा शोरूम और विकास अस्पताल के पास अज्ञात अपराधियों द्वारा हवाई फायरिंग की गई थी. इस घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सदर (मेसरा) थाना कांड संख्या 49/2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया था. इस दौरान ही एसएसपी को गुप्त सूचना मिली कि फायरिंग का मुख्य आरोपी कोकर चौक स्थित सुंदर विहार में छिपा हुआ है. इस सूचना पर विशेष छापेमारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अमन कुमार ठाकुर को हिरासत में लिया.
बयान पर अन्य अपराधी गिरफ्तार
कड़ाई से पूछताछ करने पर अमन ठाकुर ने अपना अपराध स्वीकार किया और बताया कि उसने हथियार और अन्य सामान अपने ओरमांझी स्थित घर में छिपा रखा है. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर पांचा ओरमांझी में छापेमारी कर एक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त ब्लू रंग की अपाचे मोटरसाइकिल (जिसे पकड़े जाने के डर से काला रंग दिया गया था) और छह मोबाइल फोन, हेलमेट, घटना के वक्त पहने हुए कपड़े और चप्पल बरामद किया. अमन की निशानदेही पर पुलिस ने गिरोह के चार अन्य सदस्यों को भी दबोचा.

