दानापुर: दानापुर रेल पुलिस ने जेवरात चोरी के एक बड़े मामले का सफल खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय चोर गिरोह के 10 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 8 महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर करीब 25 से 30 लाख रुपये मूल्य के चोरी किए गए जेवरात पश्चिम बंगाल और झारखंड के धनबाद से बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
Highlights:
वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार यह गिरोह पश्चिम बंगाल से आकर बिहार के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था और फिर वापस लौट जाता था। चोरी किए गए जेवरात को तुरंत दूसरे स्थानों पर भेज दिया जाता था ताकि पुलिस को सुराग न मिल सके। गिरोह में महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल थे, जो भीड़ का फायदा उठाकर वारदात के बाद आसानी से निकल जाते थे।
कैसे हुई थी घटना?
जानकारी के मुताबिक, 8 फरवरी की सुबह बक्सर जिले के बड़की नैनीजोड़ की निवासी रिंकू कुमारी, जो फिलहाल शाहपुर थाना क्षेत्र के रघुरामपुर में रहती हैं, अपनी चचेरी ननद की शादी में शामिल होने के लिए दानापुर स्टेशन पहुंची थीं। विभूति एक्सप्रेस पकड़ने के लिए वे प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर बैठी थीं। ट्रेन में चढ़ने के दौरान भीड़ का फायदा उठाते हुए उनके पर्स से एक टिफिन के डिब्बे में रखे जेवरात चोरी कर लिए गए। घटना की जानकारी मिलते ही रेलकर्मियों और परिजनों ने रेल पुलिस को सूचित किया।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
रेल डीएसपी कंचन राज ने बताया कि सूचना मिलते ही दानापुर और पाटलिपुत्र जीआरपी, आरपीएफ, डीआईयू और सीआईडी की संयुक्त टीम गठित की गई। स्टेशन परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की गहन जांच की गई। इसके आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई और खगौल लख, सचिवालय क्षेत्र, मोकामा समेत कई जगहों पर छापेमारी की गई।
10 आरोपी गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिला अंतर्गत कुल्टी थाना क्षेत्र के बीरी कंगाल बराकर निवासी अमृता पासी उर्फ उपीना पासी, सितारा पासी, मेथुनी पासी, पूजा पासी, नेष्ठा पासी, मनीषा कुमारी, बिच्छुआ पासी, जुगनी पासी, विजय पासी और करण पासी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना जुगनी पासी और उसका पति विजय पासी है। सभी आरोपी फिलहाल खगौल के लखपर इलाके में रह रहे थे।
क्या-क्या हुआ बरामद?
आरोपियों की निशानदेही पर पश्चिम बंगाल और धनबाद से चोरी किए गए जेवरात बरामद किए गए। बरामद सामान में सोने की चेन, हीरे की अंगूठी, मंगलसूत्र, कानबाली, चांदी का लॉकेट, ब्रेसलेट, चांदी की सिकड़ी और मोबाइल फोन शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि गिरोह की पांच महिलाओं का पूर्व में भी पटना जंक्शन, किऊल और मुजफ्फरपुर समेत कई रेल थानों में आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
बच्चों को भी बनाते थे ढाल
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे अपने रिश्तेदारों के बच्चों को भी गिरोह में शामिल कर लेते थे। छोटे बच्चों के साथ ट्रेन में चढ़ने और उतरने के दौरान या भीड़भाड़ का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे, जिससे किसी को शक न हो। रेल पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान और कीमती वस्तुओं का विशेष ध्यान रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेल पुलिस या आरपीएफ को दें। दानापुर रेल पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय अंतरराज्यीय चोरी गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है, जिससे रेल यात्रियों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है।

