हुबली : कर्नाटक के हुबली में हुए एक लाइव कॉन्सर्ट के दौरान मशहूर सिंगर सोनू निगम ने ऐसा काम कर दिखाया, जिसने वहां मौजूद हजारों लोगों के साथ-साथ सोशल मीडिया यूजर्स का भी दिल जीत लिया। करीब 30 हजार की भीड़ के बीच एक छोटा बच्चा अपने परिजनों से बिछड़ गया। बच्चा डरा-सहमा था और हालात ऐसे थे कि अफरा-तफरी मच सकती थी, लेकिन सोनू निगम ने अपनी सूझ-बूझ और संवेदनशीलता से इस मुश्किल पल को एक यादगार इंसानी लम्हें में बदल दिया।
Highlights:
पूरे मामले को संगीत के जरिए संभाला
इस बच्चे का नाम श्री श्री बताया गया, जो भीड़ में खो जाने की वजह से काफी नर्वस था। सोनू निगम ने बच्चे को स्टेज पर बुलाया, उसका हाथ थामा और उसे पूरी तरह से कम्फर्ट करने की कोशिश की। खास बात यह रही कि उन्होंने बच्चे के माता-पिता या परिजन को ढूंढने के लिए माइक पर सीधे अनाउंसमेंट नहीं किया, बल्कि पूरे मामले को संगीत के जरिए संभाला।
गाना गाकर चाचू को स्टेज पर बुलाया
सोनू निगम गाते हुए बोले, “श्री साई आ जाओ, मम्मी-पापा इसको ले जाओ…” जिससे माहौल हल्का भी रहा और ऑडियंस का मनोरंजन भी बना रहा। बच्चे की घबराहट कम करने के लिए उन्होंने मज़ाकिया लहजे में कहा, पापा-मम्मी तुम्हारे बिना मस्ती कर रहे हैं। जब बच्चे ने मासूमियत से बताया कि उसके पापा नहीं हैं और वह अपने चाचू के साथ आया है, तो सोनू निगम ने उसी अंदाज़ में गाना गाकर चाचू को स्टेज पर बुलाया।
खोए बच्चों का एंथम
आखिरकार बच्चे को उसके चाचा से सुरक्षित मिलवा दिया गया। सोनू निगम ने इस वीडियो को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर करते हुए लिखा कि इतनी बड़ी भीड़ में खो जाने के बाद बच्चा बहुत डरा हुआ था, लेकिन अब वह ठीक है। इस वीडियो पर लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं। लोगों ने तो इसे “खोए बच्चों का एंथम” कहा, तो किसी ने लिखा कि सोनू निगम ने इंसानियत और प्रोफेशनलिज़्म दोनों की मिसाल पेश कर दी।


