पटना : पटना समेत पूरे बिहार में इन दिनों अपराध के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। अपराधी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं और कई बार खुलेआम पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। हत्या, लूट, डकैती और छिनतई जैसी घटनाओं ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ऐसे हालात में अब पटना पुलिस ने अपराधियों पर सख्त कार्रवाई का फैसला लिया है।
Highlights:
10 कुख्यात अपराधियों पर 25-25 हजार का इनाम
बिहार की राजधानी पटना के टॉप 10 कुख्यात अपराधियों पर पुलिस ने बड़ा कदम उठाते हुए 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इस तरह कुल ढाई लाख रुपये का इनाम इन सभी अपराधियों पर रखा गया है। इन अपराधियों पर अलग-अलग थानों में हत्या, लूट, डकैती, छिनतई और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। लंबे समय से फरार चल रहे इन अपराधियों की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई थी।
यह इनाम पटना के एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा की सिफारिश पर पटना रेंज के आईजी जितेंद्र राणा द्वारा घोषित किया गया है। पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें भी गठित कर दी हैं, जो लगातार छापेमारी कर रही हैं।
इन अपराधियों के नाम शामिल
इन इनामी अपराधियों में राजेश कुमार उर्फ राजेश सिंह (मोकामा), सुजीत कुमार उर्फ सुजीत मंडल (पालीगंज), अरविंद महतो उर्फ भगत जी (बाढ़), संजय कुमार उर्फ संतोष डॉन (खुशरूपुर), सुजीत कुमार उर्फ बुखार (फतुहा), अविनाश कुमार (सालिमपुर), बिरू राय (बख्तियारपुर), राजा नट (परसा), रविंद्र गोप (खुशरूपुर) और शहबाज आलम उर्फ परवेज (हवाई अड्डा थाना) के नाम शामिल हैं। इन सभी पर हत्या और अन्य अपराधों के आरोप हैं।
जनता से सहयोग की अपील
पुलिस का मानना है कि इन अपराधियों की गिरफ्तारी से पटना और आसपास के इलाकों में कानून-व्यवस्था में सुधार होगा और अपराध पर लगाम लगेगी। साथ ही पुलिस ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि यदि किसी को इन अपराधियों से जुड़ी कोई भी जानकारी मिलती है तो वह तुरंत पुलिस को सूचित करे। जानकारी देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।



