रांची: राजधानी रांची में जमीन और पैसे के विवाद को लेकर देर रात फायरिंग की बड़ी घटना सामने आई है। पंडरा ओपी क्षेत्र के पिस्का मोड़ तेल मिल गली के पास राजधानी मान्या टावर के समीप हुई इस वारदात में दोनों गुटों के कई लोग गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है और भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामान बरामद किया है। यह घटना 17 जनवरी की रात करीब 9 बजे पंडरा ओपी अंतर्गत पिस्का मोड़ तेल मिल गली के पास हुई। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने जांच और छापेमारी शुरू की।
Highlights:
जमीन विवाद से शुरू हुआ बवाल
पुलिस जांच में सामने आया कि उसी दिन दोपहर करीब 1 बजे सुकरहुटू मनातु, कांके रिंग रोड स्थित लगभग तीन एकड़ जमीन को लेकर दो गुटों के बीच मारपीट हुई थी। एक गुट की ओर से आकाश सिंह और विकास सिंह थे, जबकि दूसरे गुट में संजय पाण्डेय, रवि यादव और आशु साव उर्फ बबलू साव शामिल थे। शाम को दोनों पक्षों ने उसी जमीन और पैसे के लेनदेन को लेकर बातचीत करने के लिए राजधानी मान्या टावर के पास मिलने का फैसला किया। पहले आकाश सिंह और विकास सिंह अपने साथियों के साथ तीन गाड़ियों में करीब 10-15 लोगों के साथ पहुंचे। कुछ देर बाद संजय पाण्डेय, रवि यादव और आशु साव उर्फ बबलू साव भी 10-12 साथियों के साथ तीन गाड़ियों में वहां पहुंचे। बातचीत के दौरान जमीन और पैसों को लेकर विवाद बढ़ गया और बहस के बाद दूसरे गुट की ओर से अचानक फायरिंग शुरू कर दी गई।
गोलीबारी में कौन-कौन घायल
इस फायरिंग में आकाश सिंह के दाहिने हाथ में एक गोली लगी, जबकि विकास सिंह को छाती में दो और बाएं हाथ में एक गोली लगी। दोनों का इलाज रिम्स में चल रहा है। वहीं, दूसरे गुट का रवि यादव भी गोलीबारी में घायल हुआ, जिसे बाएं हाथ और मुंह के पास गोली लगी है। उसका इलाज ऑर्किड अस्पताल में किया जा रहा है।
छह आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से फायरिंग के सात खाली खोखे, तीन पिलेट, एक लोडेड देशी कट्टा, एक स्कॉर्पियो वाहन और आठ मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें संजय पाण्डेय, आशु कुमार साहु उर्फ बबलू, जुबैर खान उर्फ अजू, संतोष कुमार गुप्ता उर्फ बाबु, पप्पू साव और रोहित पाण्डेय शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। इस घटना को लेकर सुखदेवनगर (पंडरा ओपी) थाना कांड संख्या 23/26 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की कई गंभीर धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है।


