रांची : रांची पुलिस ने बच्चा चोरी के एक बड़े संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने अलग-अलग जिलों से चोरी किए गए 12 बच्चों को सुरक्षित बरामद किया है। इस मामले में 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि करीब दो दर्जन संदिग्धों से पूछताछ जारी है। एसएसपी ने बताया कि बरामद बच्चे रांची, बोकारो, धनबाद और चाईबासा से चोरी किए गए थे। सभी बच्चों को फिलहाल धुर्वा थाना लाया गया है। बच्चों के परिजनों की पहचान के लिए पुलिस डीएनए टेस्ट कराने की तैयारी कर रही है।
Highlights:
धुर्वा से मासूम अंश और अंशिका के लापता होने के बाद पुलिस ने रांची सहित अन्य जिलों और राज्यों में बड़े पैमाने पर छापेमारी अभियान चलाया। इसी दौरान बच्चा चोर गिरोह का भंडाफोड़ हुआ। 10 साल से सक्रिय था ‘गुलगुलिया गैंग’ पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह ‘गुलगुलिया गैंग’ के नाम से जाना जाता है और बच्चा चोरी के धंधे में शामिल रहा है। गिरोह के तार बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश से जुड़े पाए गए हैं।
अंश-अंशिका का सौदा भी हो चुका था तय
एसएसपी ने बताया कि अंश और अंशिका को बेचने का सौदा भी तय कर लिया गया था, लेकिन पुलिस की दबिश के चलते गिरोह अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सका। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह बच्चों से भीख मंगवाने और पॉकेटमारी जैसे अपराध कराता था। वहीं चोरी की गई बच्चियों से देह व्यापार कराए जाने के भी सबूत मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि गिरोह का संबंध मानव अंगों के अवैध व्यापार से भी हो सकता है। इस एंगल पर जांच जारी है।
बच्चा तस्करी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी स्लीपर सेल के रूप में काम करते थे। ये लोग अलग-अलग वेशभूषा अपनाकर किसी इलाके में कुछ दिनों तक भ्रमणशील रहते थे और मौका पाकर बच्चों को अपना निशाना बनाते थे। एसएसपी के अनुसार, बच्चों को उठाने के बाद या तो उनकी तस्करी कर दी जाती थी, या फिर उन्हें दूसरे स्थानों पर ले जाकर भीख मंगवाने के लिए मजबूर किया जाता था। इसी के सहारे यह गिरोह अपनी रोजी-रोटी चलाता था।
उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई एक बड़े नेटवर्क पर रांची पुलिस का कड़ा प्रहार है, जो गुमशुदा बच्चों को खपाने का काम कर रहा था। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि गुमशुदा बच्चों की तलाश और ऐसे संगठित अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आने वाले दिनों में और भी खुलासे हो सकते हैं।


