खूंटी : खूंटी के आदिवासी नेता सह पड़हा राजा सोमा मुंडा की हत्या के विरोध में आदिवासी संगठनों ने शनिवार को झारखंड बंद का आह्वान किया है। इसे देखते हुए राजधानी के अधिकतर स्कूलों ने शनिवार को छुट्टी की घोषणा कर दी है। बंद को लेकर खूंटी जिले में व्यापक असर की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के ठोस इंतज़ाम किए गए हैं। आदिवासी संगठनों ने बंद को लेकर अपनी तैयारी पूरी कर ली है और लोगों से बंद को सफल बनाने की अपील की है। वहीं बंद के दौरान शहर के हर प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। ताकि वे जबरन बंद न करा सके और आने-जाने वाले लोगों को बेवजह परेशान न कर सके। इस हत्या के विरोध में आठ जनवरी को खूंटी जिला बंद रखा गया था, लेकिन सभी हत्यारों की गिरफ्तारी न होने पर झारखंड बंद का आह्वान किया गया।
बंद से पहले देर शाम खूंटी शहर में मशाल जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। जुलूस के दौरान बंद को सफल बनाने की अपील की गई और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। प्रदर्शनकारियों ने सोमा मुंडा हत्याकांड के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। इस बंद को लेकर कई संगठनों ने समर्थन दिया है। इसके अलावा आम आदमी पार्टी और झारखंड छात्र संघ ने भी बंद को समर्थन देने की घोषणा की है। आदिवासी जनपरिषद के अध्यक्ष प्रेमशाही मुंडा ने कहा कि सोमा मुंडा समाजसेवी के साथ 56 गांवों के पारंपरिक ‘एदेल संगा पड़हा राजा’ थे। उन्होंने जल-जंगल, जमीन की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। सात जनवरी को भू-माफिया ने उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, पर मुख्य साजिशकर्ता, शूटर और भू-माफिया अभी भी फरार है। यह आदिवासी समाज के लिए गंभीर चुनौती है। इसीलिए इन आरोपियों की गिरफ्ताारी के लिए झारखंड बंद का आह्वान किया गया है।
झारखंड बंद के मद्देनजर जिला प्रशासन ने खूंटी जिला मुख्यालय समेत सभी प्रखंडों में कुल 42 दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है। एसडीओ कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार खूंटी सदर प्रखंड के हुटार, बिरहू, पिपराटोली, शिम्बुकेल, सेरेंगडीह, बस स्टैंड के साथ कई श्रद्ध कार्यक्रम स्थल पर दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा मुरहू प्रखंड में नील फैक्ट्री, कुंजला मोड़, डुडरी चौक, मुरहू बाजार, सोयको चौक और बिंदा चौक पर प्रशासनिक निगरानी रहेगी। कर्रा प्रखंड में कर्रा चौक, कसीरा, उडीकेल, कच्चाबारी, कर्रा रेलवे स्टेशन एवं रेलवे फाटक के पास, गोविंदपुर, कैंची मोड़ और लोधमा में दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। वहीं तोरपा प्रखंड में तोरपा बाजार, हिल चौक, तपकरा बाजार टांड, कमड़ा मोड़, कुमांग मोड़ और दियांकेल तथा रनिया प्रखंड के ब्लॉक चौक और अड़की प्रखंड के अड़की चौक, सिंदरी चौक और सेरेंगहातु चौक पर विशेष नजर रखी जा रही है। इसके अतिरिक्त जिला नियंत्रण कक्ष में भी तीन दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है।


