राजस्थान : राजस्थान सरकार ने 2026 के लिए भर्ती परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है, जिससे राज्य भर के युवाओं को सरकारी नौकरी पाने की दिशा में स्पष्ट समय-सारणी मिल गई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने यह कैलेंडर युवा दिवस पर जारी किया है, जिसमें 44 अलग-अलग भर्तियों के बारे में जानकारी दी गई है और कुल एक लाख से अधिक सरकारी पदों पर भर्ती की योजना शामिल है।
ये भर्ती परीक्षाएं वर्ष 2026 के जनवरी से दिसंबर तक चरणबद्ध तरीके से होंगी। कैलेंडर के अनुसार इस बार राजस्थान पुलिस कांस्टेबल की भर्ती में करीब 4,000 पद होंगे और इसकी परीक्षा जून-जुलाई में प्रस्तावित है। वहीं राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाओं (संयुक्त) परीक्षा, जिसे आमतौर पर RAS कहा जाता है, उनमें लगभग 500 पदों की भर्ती प्रस्तावित है। इस परीक्षा के प्रीलिम्स मई महीने में आयोजित होने की संभावना है।
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) और राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की परीक्षा सूची में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय अध्यापक, सहायक विद्युत निरीक्षक, कृषि पर्यवेक्षक, महिला पर्यवेक्षक, वनपाल (फॉरेस्टर), व्याख्याता, कंप्यूटर अनुदेशक जैसे कई महत्वपूर्ण पदों के लिए आयोजन शामिल हैं। ग्राम विकास अधिकारी (VDO) के 3,430 पदों पर परीक्षा दिसंबर में प्रस्तावित है।
सरकारी भर्ती कैलेंडर जारी होने से युवाओं को तैयारी में मदद मिलेगी और परीक्षा तिथियों पर पहले से योजना बनाने का अवसर मिलेगा। इससे पहले उम्मीदवारों को अक्सर तिथियों के बारे में स्पष्ट जानकारी का इंतजार करना पड़ता था, जिससे तैयारी को लेकर अनिश्चितता रहती थी। अब विभागों ने वर्षभर की परीक्षा सूची घोषित कर दी है, जिससे युवाओं को समय-बद्ध तरीके से अभ्यास और परीक्षा रणनीति बनाने में आसानी होगी।
राजस्थान सरकार का कहना है कि इस कैलेंडर से भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और बेरोज़गार युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त करने में मदद मिलेगी। राज्य के विभिन्न विभागों में प्रस्तावित इन नौकरियों के लिए आवेदन और परीक्षा की तिथियों की विस्तृत जानकारी आयोगों की आधिकारिक वेबसाइटों पर उपलब्ध होगी।


