इंदौर : इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में गंदे पानी से बीमारी फैलने का सिलसिला जारी है, इसका असर लगातार गंभीर होता जा रहा है। सोमवार को इस मामले में भगवानदास पिता तुकाराम भरणे (64) की मौत की पुष्टि हुई, जिसके कारण अब मौत की संख्या बढ़कर 23 हो चुकी है। वह करीब 10 दिन से हॉस्पिटल में एडमिट थे। पहले उन्हें एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती किया गया। हॉस्पिटल के जनरल मैनेजर राहुल पाराशर ने बताया कि जब उन्हें वहां लाया गया तो उस दौरान उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया। इस पर सीपीआर देकर उन्हें फिर वेंटिलेटर पर लिया गया। उन्हें गैंग्रीन सहित मल्टी ऑर्गन्स फेल्यूअर जैसी तकलीफ थी।
Highlights:
इससे पहले रविवार को इस मामले में 22वीं मौत की खबर सामने आई थी। एमवाय अस्पताल के आईसीयू में भर्ती 59 वर्षीय महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से अब तक 3300 से ज्यादा लोग बीमार हो चुके हैं। इनमें से कई मरीज अभी भी अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है। गंदे पाने पानी वाले लोगों में उल्टी-दस्त, पेट दर्द और कमजोरी जैसी शिकायतें आम हैं।
रविवार को महिला की हुई मौत
भागीरथपुरा इलाके के एक मकान मालिक के अनुसार, 59 वर्षीय महिला (कमला बाई) अपने पति (तुलसीराम) के साथ करीब एक माह पहले ही किराए के कमरे में रहने आई थीं। दोनों मजदूरी करके अपना जीवन चलाते थे। बीते दिनों महिला को उल्टी-दस्त की शिकायत थी। जिसके बाद महिला के परिजनों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया और दवाइयां देकर घर भेज दिया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उन्हें ओआरएस व कुछ दवाइयां दी गईं, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। जिसके बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें आईसीयू में भर्ती करवाया।
आईसीयू में भर्ती मरीजों की संख्या
आईसीयू में भर्ती मरीजों की संख्या कम ज्यादा हो रही है। 8 जनवरी को जहां आईसीयू में 10 मरीज थे। 10 जनवरी को ये आंकड़ा 11 तक पहुंच गया। वहीं, 11 जनवरी को आईसीयू में भर्ती मरीजों की संख्या 13 हो गई। जबकि पिछले कई दिनों से 3 मरीज वेंटिलेटर पर बताए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को बुलेटिन जारी किया। इसके मुताबिक 50 दलों ने भागीरथपुरा प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे किया। 176 सदस्यों ने 924 घरों में ORS और जिंक की गोलियां दी। इसके साथ ही महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी जांचे भी की गई। इलाके में आज OPD में 13 मरीज डायरिया के आए, जिसमें से 1 को रेफर किया है।


