रांची: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री सह पूर्व सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन की आज 82वीं जयंती है। पिछले वर्ष 2025 में 4 अगस्त को 81 साल की आयु में नई दिल्ली में लंबी बीमारी के बाद उनका निधन हो गया था। शिबू सोरेन को उनके बेटे और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी इस मौके पर याद किया है। अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर बाबा दिशोम गुरू शिबू सोरेन संग कई तस्वीरों को साझा करते हुए एक पोस्ट में हेमंत सोरेन लिखते हैं,
“आज, मेरे बाबा, दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी की जन्मजयंती है। यह मेरे लिए महज एक महान नेता का जन्मदिन नहीं है, बल्कि उस पिता की याद है जिन्होंने मुझे जीवन जीने की कला सिखाई, संघर्ष करना सिखाया और सबसे महत्वपूर्ण, बिना झुके अपनी गरिमा, मूल्यों और सच्चाई पर अडिग रहना सिखाया। बाबा ने पूरे जीवन अन्याय के सामने कभी सिर नहीं झुकाया। उन्होंने जल, जंगल, जमीन और आदिवासी अस्मिता की रक्षा के लिए अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया। मैंने उन्हें कई बार थका हुआ देखा, लेकिन टूटते कभी नहीं देखा। उनकी वो अटूट इच्छाशक्ति और दृढ़ता आज भी मेरे अंदर जीवित है। एक पुत्र के नाते मैंने उनसे सादगी सीखी, मुश्किलों से कभी पीठ न दिखाने का साहस सीखा, और सत्ता को हमेशा जन-सेवा का माध्यम मानना सीखा। बाबा, आपके दिखाए मार्ग पर, आपके दिए आदर्शों पर मैं जीवन भर चलता रहूँगा, चाहे कितनी भी चुनौतियाँ आएँ। जय झारखंड! जय दिशोम गुरु! आपकी स्मृति हमेशा अमर रहे।”
आज झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन संवाद कार्यक्रम के तहत राज्य के लगभग 5000 छात्रों के साथ सीधे बातचीत करेंगे। रांची के खेलगांव में तानाभगत स्टेडियम में होगा। इसमें रांची ज़िले से 4000, खूंटी से 500 और रामगढ़ से 500 छात्र शामिल हैं। इस कार्यक्रम का मुख्य मकसद छात्रों को दिशोम गुरु शिबू सोरेन के विचारों, संघर्षों और आदर्शों से जोड़ना है। मुख्यमंत्री छात्रों के साथ शिक्षा, खेल, स्किल डेवलपमेंट और रोज़गार जैसे विषयों पर चर्चा करेंगे। राज्य सरकार की छात्र कल्याण योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। बातचीत के दौरान, छात्रों को सवाल पूछने और सुझाव देने का मौका मिलेगा।


