झारखंड : झारखंड में लगातार बढ़ती ठंड और शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए राज्य सरकार ने छात्रों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक बड़ा निर्णय लिया है। शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार राज्य के सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त एवं निजी स्कूलों को 6 जनवरी से 8 जनवरी तक बंद रखने का निर्देश दिया गया है। अपर सचिव द्वारा जारी अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि इस अवधि के दौरान प्री-नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक की सभी कक्षाएं स्थगित रहेंगी।

हालांकि, आदेश में यह भी कहा गया है कि शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों को निर्धारित समय पर स्कूल आना अनिवार्य होगा। वहीं जिन स्कूलों में इस दौरान प्री-बोर्ड परीक्षाएं निर्धारित हैं, वहां संबंधित सक्षम प्राधिकारी मौसम और परिस्थितियों को देखते हुए परीक्षा संचालन को लेकर निर्णय ले सकते हैं। सरकार का यह कदम ठंड और शीतलहर से छात्रों व आम लोगों को राहत देने के उद्देश्य से उठाया गया है।


