रांची: मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार रविवार को दो दिनों के दौरे पर देवघर पहुंचे। देवघर एयरपोर्ट पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के.रवि कुमार, संथाल परगना के डीआईजी अंबर लकड़ा, देवघर के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा, पुलिस अधीक्षक सौरभ और अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। इसके अलावा एयरपोर्ट के बाहर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पुलिस जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया।
Highlights:
इस मौके पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि दो दिनों के प्रवास के दौरान वह बाबा मंदिर में सपरिवार पूजा अर्चना कर झारखंड समेत पूरे देश वासियों के लिए सुख समृद्धि व कल्याण की कामना करेंगे तो वहीं जिले के बीएलओ से भी मुलाकात करेंगे।
आठ जनवरी को झारखंड दौरा
झारखंड में पैरेंटल मैपिंग के बाद अब मतदाताओं का विशेष गहन पुनरीक्षण शुरू होने जा रहा है. राज्य में अब तक हुई तैयारियों का जायजा लेने के लिए भारत निर्वाचन आयोग की टीम आठ जनवरी को झारखंड दौरे पर आ रही है. दो दिवसीय दौरे में टीम सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारी और आला अधिकारियों के साथ बैठक करेगी। कहा जा रहा है कि अगर एसआईआर को लेकर संतोषजनक तैयारियां रहीं तो फरवरी में इसकी शुरुआत हो सकती है.
सबसे खास बात यह है कि एसआईआर के दौरान घर-घर फार्म पहुंचेगा जिसे प्रत्येक मतदाता को भरना अनिवार्य होगा. चाहे उनका नाम 2003 के मतदाता सूची में हों या ना हो. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार के अनुसार भारत निर्वाचन आयोग के पदाधिकारी दो दिवसीय दौरे के क्रम में सभी जिलों के उपायुक्त के साथ बैठक करेंगे. इस संबंध में सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को अलर्ट कर दिया गया है.


