रांची: झारखंड सरकार ने राज्य में नक्सल हिंसा का दंश झेलने वाले परिवारों की सुध ली है। राज्य के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने एक महत्वपूर्ण आदेश जारी करते हुए चार विभिन्न जिलों के नक्सल पीड़ितों के आश्रितों को आर्थिक सहायता देने की मंजूरी दी है। जिसके तहत नक्सली हिंसा में मारे गए चार लोगों के आश्रितों को एक-एक लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।
Highlights:
इन परिवारों को मिलेगी मदद
सरकार द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, चतरा, हजारीबाग, लातेहार और चाईबासा जिलों के चार परिवारों को एक-एक लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। यह राशि सीधे पीड़ितों के आश्रितों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। विभाग ने उन लाभार्थियों की सूची भी स्पष्ट की है, जिन्हें इस योजना का लाभ मिलेगा:
चतरा: 17 अप्रैल 2020 को पिपरवार में हुई हिंसा में शहीद हुए अक्षय कुमार की पत्नी चंचला देवी को सहायता राशि मिलेगी।
लातेहार: 19 जुलाई 2023 को नेतरहाट में नक्सली हमले का शिकार हुए देवकुमार प्रजापति की पत्नी कालेश्वरी देवी को मदद दी जाएगी।
हजारीबाग: 14 सितंबर 2018 को कटकमसांडी में हुई हिंसा में जान गंवाने वाले कैलाश राणा की पत्नी पुष्पा देवी को राशि स्वीकृत की गई है।
चाईबासा: 1 फरवरी 2024 को जटेया क्षेत्र में नक्सल हिंसा के शिकार हुए चिरु सिरका की पत्नी कुंती को आर्थिक सहायता दी जाएगी।
गृह विभाग के इस आदेश के बाद संबंधित जिलों के उपायुक्तों को जल्द से जल्द भुगतान प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।


