हरियाणा: भारत के ओलिंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा और हिमानी मोर की गोपनीय शादी के बाद गुरुवार को करनाल के द ईडन होटल में दो ग्रैंड इवेंट हुए। पहला आयोजन दोपहर को शुरू को हुआ था, जिसमें नीरज चोपड़ा और उनकी पत्नी हिमानी मोर ने एथनिक कपड़े पहनकर एक-दूसरे के हाथ में हाथ डालकर एंट्री ली। रिसेप्शन के शाम को नीरज चोपड़ा अपने रिसेप्शन में क्रीम कलर की शेरवानी और हिमानी मोर हरे रंग के लांचा में स्टेज पर नजर आए। इस दौरान नीरज-हिमानी की वेडिंग शूट भी दिखाई गई। दोनों उस वक्त आपस में शादी के पलों के बारे में भी बात करते नजर आए।
इस नाइट रिसेप्शन पार्टी में हरियाणा की राजनीति, प्रशासन, कलाकार और खेल जगत की बड़ी हस्तियां शामिल हुए। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नीरज चोपड़ा और उनकी पत्नी को एक बुके और भगवान श्रीराम की प्रतिमा भेंट कर आशीर्वाद दिया। सीएम भगवा रंग की पगड़ी पहनकर रिसेप्शन में पहुंचे।
अब 27 दिसंबर को दिल्ली के लीला होटल में रिसेप्शन पार्टी होगी। यह खासतौर पर वीआईपी और अन्य विशिष्ट अतिथियों के लिए होगी। इसके लिए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी न्योता भेजा गया है, जिसकी इवेंट की पूरी जिम्मेदारी नीरज खुद संभाल रहे हैं। इसके अलावा भारत पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद समेत कई बड़े नेता और नामचीन हस्तियों को भी आमंत्रण दिया गया है।
रिसेप्शन में मुंबई से खासतौर पर पहुंचे इंडिया गॉट टैलेंट के प्रतिभागी रहे RC पुरोहित ने नीरज और हिमानी का एक खास पोर्ट्रेट तैयार किया, जिस पर लव इज इन एयर लिखा हुआ था। मंच पर एंकर ने नीरज चोपड़ा और उनकी पत्नी हिमानी से हल्के-फुल्के सवाल पूछे। शादी के बाद बदलाव को लेकर सवाल पर नीरज ने सभी को नमस्ते करते हुए कहा कि उन्हें शादी के बाद सभी का आशीर्वाद और सपोर्ट मिला है।
रिसेप्शन में भाग लेने पहुंचे मेहमान नीरज और हिमानी को ऑटोग्राफ भी लेते दिखे। इस दौरान मेहमानों में नव दंपती के साथ फोटो खिंचवाने की भी होड़ रही। खास बात ये रही कि दोनों ने किसी को निराश नहीं किया। इसी दौरान एक बच्चे ने घुटनों के बल बैठकर नीरज चोपड़ा को गुलाब का फूल दिया, जिसे देखकर माहौल भावुक और यादगार बन गया।


