रांची : झारखंड में एसआईआर को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने एक पहल की है. सीईओ झारखंड ने राज्य के मतदाताओं से 2003 की पुरानी एसआईआर की मतदाता सूची में अपना नाम खोजने की अपील की है और इस संबंध में महत्वपूर्ण दिशा–निर्देश जारी किए हैं। कार्यालय की ओर से दी गई जानकारी में बताया गया है कि राज्य में वर्तमान मतदाता सूची को विगत एसआईआर से मैप करने का कार्य तेजी से चल रहा है, जिसके लिए मतदाताओं का सहयोग बेहद जरूरी है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि कई मतदाता पुरानी एसआईआर की सूची में अपना विवरण खोजने में कठिनाई महसूस कर रहे हैं। ऐसे मतदाताओं की सुविधा के लिए एक विस्तृत ट्यूटोरियल वीडियो जारी किया गया है, जिसमें पुरानी एसआईआर सूची में नाम खोजने की पूरी प्रक्रिया समझाई गई है। उन्होंने बताया कि मतदाता भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर जाकर अपना या अपने परिजनों का पिछली एसआईआर से संबंधित विवरण आसानी से खोज सकते हैं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि यदि कोई मतदाता पुरानी एसआईआर की सूची में अपना नाम नहीं ढूंढ पा रहा है, तो वह 1950 हेल्पलाइन पर कॉल कर सहायता प्राप्त कर सकता है। वहीं, अन्य राज्यों से झारखंड आए मतदाता भी अपने संबंधित राज्य की सीईओ वेबसाइट के माध्यम से अपना विवरण देख सकते हैं। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पैतृक मैपिंग से आगामी एसआईआर के समय दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता कम होगी और प्रक्रिया काफी सरल हो जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी योग्य मतदाता सूची से बाहर न रह जाए।


