डेस्क : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को गुजरात दौरे पर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले सूरत में मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की प्रगति की समीक्षा की। प्रोजेक्ट की तैयारियों को लेकर अधिकारियों ने उन्हें विस्तृत जानकारी दी। सूरत के बाद पीएम मोदी नर्मदा जिले के डेडियापाड़ा पहुंचे। यहां उन्होंने देवमोगरा मंदिर में पंडोरी माता की पूजा-अर्चना की। पंडोरी माता को गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और राजस्थान के आदिवासी समुदाय अपनी कुलदेवी के रूप में पूजते हैं।
Highlights:
बिरसा मुंडा जयंती समारोह में होंगे शामिल

प्रधानमंत्री इसके बाद डेडियापाड़ा में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के मुख्य समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान वे 9,700 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। वे एक बड़ी जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
पीएम मोदी प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत बने एक लाख घरों के गृह प्रवेश कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे।
Also Read : झारखंड के 25वें स्थापना दिवस पर भव्य समारोह, मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने दी शुभकामनाएं
सूरत एयरपोर्ट पर बिहारी समुदाय से मुलाकात
दिल्ली रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री सूरत एयरपोर्ट पर बिहार से जुड़े लोगों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल और हर्ष सांघवी भी मौजूद रहेंगे। अनुमान है कि 10 से 15 हजार लोग इस स्वागत कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। गुजरात दौरे के दौरान पीएम मोदी का कार्यक्रम काफी व्यस्त है, जिसमें पूजा-अर्चना से लेकर विकास परियोजनाओं की समीक्षा और जनसभाएँ शामिल हैं।

