झारखंड : झारखंड के हजारीबाग जिले में पुलिस ने एक बार फिर नशे के व्यापारियों की कमर तोड़ दी है। शनिवार देर रात हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने 8.2 किलो अफीम के साथ चार तस्करों को रंगे हाथों पकड़ लिया। बरामद अफीम की कीमत करीब 42 लाख रुपये बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि यह खेप चतरा से हरियाणा भेजी जा रही थी।
हजारीबाग की मुफस्सिल थाना पुलिस को शनिवार देर रात गुप्त सूचना मिली थी कि मुकुंदगंज स्थित टोयोटा शोरूम के पास चार लोग अफीम की खरीद-बिक्री करने वाले हैं। सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अमित कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने देर रात मौके पर छापा मारा और चारों आरोपियों (सचिन कुमार, नंकु ठाकुर, राकेश कुमार मेहता और अनिल दांगी) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान चार बैग में 8.2 किलो अफीम, चार मोबाइल और अन्य सामान बरामद किया गया। एसडीपीओ अमित आनंद ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे चतरा से अफीम लेकर हरियाणा बेचने जा रहे थे। पुलिस ने सभी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई हजारीबाग पुलिस की एक बड़ी उपलब्धि है, जिससे यह भी साफ होता है कि अफीम की तस्करी में एक अंतर्राज्यीय गिरोह सक्रिय है, जो झारखंड से हरियाणा और पंजाब तक नशे का नेटवर्क फैला रहा है।
Also Read : दानापुर में दर्दनाक हादसा : मकान की छत गिरने से पूरे परिवार की मौत
पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने कहा कि हजारीबाग पुलिस नशे के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे अवैध धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की, कहा कि इस तरह की लगातार छापेमारी से जिले में नशे का नेटवर्क धीरे-धीरे टूट रहा है और युवाओं को इस जाल से बचाया जा सकेगा।


