दरभंगा : बिहार के दरभंगा जिले में मंगलवार की देर रात लहेरियासराय स्थित बाल सुधार गृह से 12 बच्चे दीवार फांदकर भाग निकले। घटना के बाद पुलिस और जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अब तक 5 बच्चों को पकड़ लिया है, जबकि 7 बच्चे अब भी फरार हैं।
दरअसल, मंगलवार की रात बाल सुधार गृह में बंद 12 बच्चों ने मिलकर सिक्यूरिटी गार्ड पर लाठी, डंडे और ईंटों से हमला कर दिया। गार्ड को घायल करने के बाद सभी बच्चों ने दीवार फांदी और भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
दरभंगा के एसएसपी जगन्नाथ रेड्डी ने बताया कि फरार हुए 12 बच्चों में से 5 को दोबारा पकड़ लिया गया है, जबकि 7 बच्चे अभी भी फरार हैं। उन्होंने बताया कि सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है और लहेरियासराय व आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि बाकी बच्चों की पहचान और लोकेशन का पता लगाया जा सके।
Also Read : DGP अनुराग गुप्ता का इस्तीफा सरकार ने किया स्वीकार, नए DGP की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू
इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें बच्चे दीवार फांदते हुए और भागते नजर आ रहे हैं। वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि कुछ बच्चे आराम से दीवार पार करते हैं और फिर तेजी से मौके से दूर भाग जाते हैं। घटना के बाद जिला प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि बाल सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


