कुरनूल: आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिला में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 लोगों की जान चली गई, जबकि 13 अन्य घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब तीर्थयात्रियों से भरी बोलेरो वाहन की रेडी-मिक्स लॉरी से जोरदार टक्कर हो गई। यह दुर्घटना मंत्रालयम मंडल के चिलाकलाडोना के पास हुई। पुलिस के अनुसार बोलेरो वाहन और रेडी-मिक्स लॉरी के बीच आमने-सामने की टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार कई लोग अंदर ही फंस गए।
Highlights:
मृतकों में महिलाएं और बच्ची भी शामिल
हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों को तुरंत एम्मिगनूर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों में पांच महिलाएं और एक युवती भी शामिल हैं। मृतकों की पहचान कुमार (60), दीपिका वीणा (35), सुनील (40), बेली (3), पुट्टम्मा (60), मीनाक्षी (50), तैयम्मा (60) और लोलाक्षी के रूप में हुई है।
Air Now के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें:-
दर्शन के लिए जा रहे थे तीर्थयात्री
पुलिस के मुताबिक सभी मृतक चिक्कमगलुरु क्षेत्र के निवासी थे और मंत्रालयम में श्री राघवेंद्र स्वामी के दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया और सड़क को साफ कर यातायात बहाल किया गया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें: लोकसभा में परिसीमन बिल पर हंगामा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से कहा
प्रधानमंत्री ने की मुआवजे की घोषणा
राज्य के परिवहन मंत्री मंदीपल्ली रामप्रसाद रेड्डी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने X पर पोस्ट कर घटना को बेहद दुखद बताया और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई।
Air Now के यूट्यूब चैनल को देखने के लिए यहां क्लिक करें:-


