न्यूज डेस्क : झारखंड में राज्य सरकार की ओर से जेएसएससी सीजीएल व 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा समेत कुल 22 प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर रद्द करने के फैसले व 23 परीक्षाओं की जांच सीआईडी को सौंपने के ऐलान के बाद अब सरकार ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, JPSC-JSSC से जुड़ी भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की जांच के लिए सात IPS अधिकारियों की टीम गठित की गई है। टीम की कमान ADG CID मनोज कौशिक को सौंपी गई है।
Highlights:
इसे भी पढ़ें : JSSC CGL और 14वीं JPSC पीटी समेत 22 परीक्षाओं को रद्द करने का मामला पहुंचा झारखंड हाईकोर्ट, तीन याचिका दायर
जांच टीम में 50 पुलिस अधिकारी
जांच टीम में सात IPS अधिकारियों के अलावा 12 DSP समेत करीब 50 पुलिस अधिकारियों को शामिल किया गया है। टीम विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में सामने आई शिकायतों और अनियमितताओं की जांच करेगी। सरकार को करीब दो महीने के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपे जाने की बात कही गई है। जांच के दायरे में एक साथ करीब 45 भर्ती परीक्षाओं को शामिल किए जाने की जानकारी सामने आई है। इनमें प्रमाणपत्र से जुड़े नियमों के कथित दोहरे मानदंड समेत अभ्यर्थियों द्वारा उठाए गए अन्य सवालों की भी जांच की जाएगी।
ये परीक्षाएं हुई रद्द
जारी अधिसूचना में जिन महत्वपूर्ण भर्ती परीक्षाओं को शामिल किया गया, इनमें विश्वविद्यालयों में नॉन-टीचिंग पदों की भर्ती, सहायक निदेशक एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी, ड्रग इंस्पेक्टर, सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में सहायक प्रोफेसर, पॉलिटेक्निक कॉलेजों में लेक्चरर, मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशलिस्ट सहायक प्रोफेसर, सहायक वन संरक्षक, सिविल जज, वन रेंज अधिकारी और सहायक लोक अभियोजक की भर्तियां शामिल हैं।
इसके अलावा झारखंड संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा 2025, 2023 की बैकलॉग भर्ती, फूड सेफ्टी ऑफिसर, चाइल्ड डेवलपमेंट प्रोजेक्ट ऑफिसर, छठी लिमिटेड डिप्टी कलेक्टर भर्ती, झारखंड एलिजिबिलिटी टेस्ट 2024, फूड एनालिस्ट, फैक्ट्री इंस्पेक्टर, प्रोजेक्ट मैनेजर, बॉयलर इंस्पेक्टर, पांचवीं संयुक्त सिविल सेवा भर्ती 2013, कृषि अधिकारी, डेंटिस्ट, सहायक अभियंता और भूविज्ञानी-रसायनज्ञ जैसी परीक्षाएं भी सूची में शामिल हैं।

