विदेश : सऊदी अरब में मदीना के पास एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, जिसमें कम से कम 42 भारतीयों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। सभी यात्री भारत से उमराह के लिए सऊदी अरब गए थे। हादसा इतना भयानक था कि बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें आग लग गई।
जानकारी के मुताबिक, उमराह के लिए गए हाजियों से भरी बस मक्का से मदीना जा रही थी। रास्ते में मुफरीहाट इलाके के पास बस की एक डीजल टैंकर से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर होते ही बस में आग लग गई और यात्री उसमें फंस गए। हादसा भारतीय समय के अनुसार रात करीब 1:30 बजे हुआ। बस में कुल 43 यात्री सवार थे, जिनमें से केवल एक व्यक्ति ही जीवित बचा है। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मीडियावन की रिपोर्ट के अनुसार, हादसे का शिकार हुए सभी 42 लोग तेलंगाना के हैदराबाद के रहने वाले थे। यह उमराह यात्रियों का समूह था, जो धार्मिक यात्रा के लिए सऊदी अरब पहुंचा था। हादसे के बाद सऊदी अरब में भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने तुरंत सहायता के लिए एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। जरूरत पड़ने पर भारतीय नागरिक इस टोल-फ्री नंबर पर संपर्क कर सकते हैं: हेल्पलाइन नंबर: 8002440003
दूतावास ने बताया कि घटना की निगरानी के लिए 24 घंटे काम करने वाला कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। भारतीय अधिकारियों ने स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है। बस में सवार 43 लोगों में से सिर्फ 1 व्यक्ति के बचने से यह साफ है कि हादसा कितना भीषण था। टक्कर के बाद आग लगने से कई यात्रियों को बाहर निकलने का मौका भी नहीं मिला। सऊदी प्रशासन और पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा ड्राइवर की गलती से हुआ या डीजल टैंकर में किसी तकनीकी खराबी के कारण।

