रांची: झारखंड के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के पानीपड़ा-नागुड़साई स्थित स्वर्णरेखा नदी के किनारे भारी-भरकम बम मिलने से इलाके में डर और चिंता का माहौल बन गया है। करीब 227 किलोग्राम वजनी इस बम को निष्क्रिय करने के लिए सेना की टीम ने मौके का निरीक्षण कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। सूचना मिलते ही भारतीय सेना की विशेष टीम मौके पर पहुंची और बम का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच के बाद टीम ने बताया कि पूरे मामले की रिपोर्ट संबंधित विभाग को भेजी जाएगी। इसी रिपोर्ट के आधार पर बम को निष्क्रिय करने की अंतिम प्रक्रिया तय की जाएगी।
Highlights:
डिफ्यूज प्रक्रिया पर अभी फैसला बाकी
हालांकि बम को कब और कैसे निष्क्रिय किया जाएगा, इसको लेकर अभी तक कोई स्पष्ट समयसीमा तय नहीं की गई है। सेना की टीम सभी सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई करेगी। गौर करने वाली बात यह है कि 17 मार्च को भी इसी इलाके में दो बम बरामद हुए थे, जिन्हें सेना की टीम ने सफलतापूर्वक निष्क्रिय किया था।
उस समय 10×10 फीट के गड्ढे खोदकर और बालू से भरे बोरों की मदद से सुरक्षित तरीके से बम डिफ्यूज किया गया था। इस बार भी सेना की टीम उसी प्रक्रिया को अपनाने की तैयारी में है। रविवार को बम की माप की गई, ताकि यह तय किया जा सके कि गड्ढा कितना बड़ा खोदा जाएगा। साथ ही बालू से भरे बोरों और अन्य सुरक्षा उपायों की भी व्यवस्था की जा रही है।
Air Now के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें:-
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु के विरुधुनगर में पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाके से 18 लोगों की हुई मौत, 6 अन्य घायल
लोगों से दूरी बनाए रखने की अपील
लगातार दूसरी बार बम मिलने के बाद प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है। लोगों से अपील की गई है कि वे घटनास्थल से दूर रहें और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। सुरक्षा बलों की निगरानी में पूरे क्षेत्र को रखा गया है। इस घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। हालांकि प्रशासन और सेना की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और जल्द ही बम को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने की प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी की जा रही है।


