नई दिल्ली : चर्चित राजनीतिक विशलेष्क योगेंद्र यादव और नागरिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को ‘जनता के महाभियोग’ का नोटिस जारी किया है. योगेंद्र यादव के मुताबिक, प्रतिनिधिमंडल में दिल्ली के पूर्व उपराज्यपाल नजीब जंग, पूर्व गृह सचिव जी.के. पिल्लई, पूर्व केंद्रीय सचिव अमिताभ पांडेय, पूर्व राजनयिक अशोक शर्मा समेत कई और रिटायर ऑफिसर और सोशल एक्टविस्ट शामिल हैं.
इसे भी पढ़ें : ‘फॉर्म-6 में कॉमा, फुल स्टॉप तक नहीं बदला’, EC ने राहुल के पोस्ट का किया फैक्ट चेक, बताया- भ्रामक
योगेंद्र यादव सोमवार को प्रतिनिधिमंडल के साथ चुनाव आयोग के कार्यालय जाकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को ‘जनता के महाभियोग’ का नोटिस देना चाहते थे, लेकिन उन्हें नहीं जाने दिया गया. उन्होंने एक्स पर लिखा, “चुनाव आयोग को किले में तब्दील कर दिया गया है और आयोग तक जाने वाले हर रास्ते पर बैरिकेडिंग है. हमने आयोग तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन रास्ते बंद कर दिए गए थे.”
इसके बाद उन्होंने शाम 5 बजे प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ज्ञानेश कुमार को नोटिस देने का फैसला किया. उन्होंने कहा, “संवैधानिक अधिकार के साथ संवैधानिक जवाबदेही भी ज़रूरी है और ज्ञानेश कुमार को जनता और संविधान के प्रति जवाबदेह होना चाहिए.”


