पाकुड़: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 के सफल, शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 01 नवंबर को जिले के 30 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली परीक्षा के मद्देनजर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मेघा भारद्वाज व अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पुरती ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
Highlights:
इसे भी पढ़ें : पाकुड़ में देर रात वाहन जांच अभियान में 22 वाहनों से 2.34 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया

इस दौरान अधिकारियों ने झारखंड अधिविद्य परिषद द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) एवं निर्धारित चेकलिस्ट के अनुरूप परीक्षा केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने मॉडल कॉलेज, पाकुड़, महिला कॉलेज एवं पीएम श्री मध्य विद्यालय, धनुषपूजा स्थित परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा कक्षों में स्थापित सीसीटीवी कैमरों, डिस्प्ले मॉनिटर, प्रकाश व्यवस्था, परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था तथा आवश्यक साइनेज की उपलब्धता की जांच की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा उनकी कनेक्टिविटी एवं कार्यशीलता हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
परीक्षा कक्षों की गतिविधियों पर रहेगी सतत निगरानी

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक परीक्षा कक्ष की गतिविधियां डिस्प्ले मॉनिटर पर स्पष्ट रूप से दिखाई देनी चाहिए। सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की तकनीकी बाधा या कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए स्वच्छ पेयजल, शौचालय, पर्याप्त रोशनी एवं अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व सभी व्यवस्थाओं का पुनः सत्यापन करने का निर्देश दिया।
जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश
परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पूर्व प्रत्येक परीक्षार्थी की निर्धारित प्रक्रिया के तहत सघन जांच (फ्रिस्किंग) सुनिश्चित की जाए। साथ ही, झारखंड अधिविद्य परिषद द्वारा जारी एसओपी एवं चेकलिस्ट के प्रत्येक बिंदु का शत-प्रतिशत अनुपालन किया जाए, ताकि परीक्षा का संचालन पूरी तरह कदाचारमुक्त वातावरण में हो सके।
जिला प्रशासन द्वारा झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 के सफल एवं कदाचारमुक्त संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देशों का अनुपालन एवं व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की जा रही है, ताकि परीक्षार्थी शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में परीक्षा दे सकें।

