बिहार: रामनगर थाना क्षेत्र के भावल गांव में गुरुवार शाम गोलगप्पे खाने के बाद करीब 12 लोग बीमार हो गए. अचानक कई लोगों की तबीयत बिगड़ने से गांव में हड़कंप मच गया और सभी को जल्दी-जल्दी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. गांव में घूमकर गोलगप्पे बेचने वाला हर दिन की तरह आया था. लोगों ने उससे गोलगप्पे खाए. रात तक सब ठीक था, लेकिन आधी रात के बाद उल्टी, दस्त और बुखार शुरू हो गया. पहले घर पर इलाज किया गया, लेकिन आराम नहीं मिला तो अस्पताल ले जाना पड़ा.
इसे भी पढ़े: मंचूरियन ने ली मासूम बच्ची की जान, खाने के बाद एक ही परिवार के चार लोग बीमार
शुक्रवार दोपहर तक मरीज अस्पताल पहुंचने लगे. एक साथ इतने लोग और उनके परिजन पहुंच गए, जिससे अस्पताल में भीड़ लग गई और अफरातफरी का माहौल बन गया. डॉक्टरों की टीम तुरंत इलाज में जुट गई. कुछ मरीज भर्ती हैं, जबकि कुछ लोग बाहर भी इलाज करा रहे हैं. डॉक्टरों के मुताबिक सभी में फूड पॉइजनिंग के लक्षण मिले हैं. इलाज चल रहा है और सभी की हालत पर नजर रखी जा रही है. फिलहाल सभी की स्थिति बेहतर बताई जा रही है.


