गिरिडीह : राष्ट्रीय जनता दल, गिरिडीह जिला कमेटी की ओर से शनिवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। राजद कार्यकर्ताओं ने झंडा मैदान से पैदल मार्च निकाला। हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे लेकर कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए टावर चौक पहुंचे, जहां मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “लोकतंत्र की हत्या करने वाले ज्ञानेश कुमार को गिरफ्तार करो”, “संविधान के साथ छेड़छाड़ बंद करो”, “मुख्य चुनाव आयुक्त पर मुकदमा दर्ज करो” और “मोदी के इशारे पर काम करने वाला चुनाव आयोग होश में आओ” सहित कई नारे लगाए।
इसे भी पढ़ें: जमशेदपुर के स्वर्णरेखा नदी में डोंगा पलटने से दो मछुआरे तेज बहाव में बहे, तलाश जारी
जिला अध्यक्ष मोहम्मद इरफान आलम ने कहा कि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवाल गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की। युवा राजद जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव ने कहा कि संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए आवाज उठाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश के नौजवान लोकतांत्रिक अधिकारों और निष्पक्ष चुनाव की मांग को लेकर जागरूक हो रहे हैं।
https://www.facebook.com/share/v/1LnzNRZ11w/
प्रदेश सचिव गयासुद्दीन अंसारी ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता लोकतंत्र की बुनियाद है। वहीं जिला महासचिव बलदेव नायक ने कहा कि मतदाताओं के अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। राजद के प्रदेश महासचिव शत्रुघ्न यादव ने कहा कि लोकतंत्र और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर जनता के मन में उठ रहे सवालों का जवाब मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में जनता का विश्वास बनाए रखना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है।
गौरतलब है कि हाल में निर्वाचन आयोग के कामकाज को लेकर सार्वजनिक बहस तेज हुई है। द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट में निर्वाचन आयुक्तों की ओर से कुछ फैसलों पर आपत्तियां दर्ज किए जाने की बात सामने आई थी, जबकि निर्वाचन आयोग ने कहा है कि आयोग के फैसले सर्वसम्मति से लिए गए और आंतरिक मतभेद लोकतांत्रिक संस्थाओं में सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा हैं। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष दशरथ यादव, जिला सचिव कामरान वारिस अंसारी, महासचिव रामेश्वर प्रसाद यादव, युवा जिला कोषाध्यक्ष राजेश यादव, युवा जिला सचिव किसुन यादव, एवं कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


