Wednesday, October 28, 2026

खूंटी में संत मिखाइल चर्च के फादर बेनेडिक्ट बारला पर जानलेवा हमला, गंभीर हालत में रांची रेफर

खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले के संत मिखाइल महागिरजाघर और आरसी बालक मध्य विद्यालय के प्राचार्य फादर बेनेडिक्ट बारला पर अज्ञात अपराधियों ने देर रात जानलेवा हमला कर दिया. इस वारदात में वे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनका लहूलुहान शरीर विद्यालय के कार्यालय में मिला. घटना के बाद उन्हें तत्काल खूंटी सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया. जानकारी के अनुसार, उन्हें रांची के पल्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बता दें कि फादर बेनेडिक्ट बारला 2009 से संत मिखाइल स्कूल में सेवारत हैं.

हमले के वक्त कार्यालय में अकेले थे फादर

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, फादर बेनेडिक्ट बारला बीती रात विद्यालय के कार्यालय में मौजूद थे. इसी दौरान घात लगाए अज्ञात अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया. हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार होने में कामयाब रहे, और फादर पूरी रात गंभीर एवं लहूलुहान अवस्था में कार्यालय में ही पड़े रहे.

ये भी पढ़ें: विकास के पथ पर निरंतर अग्रसर होते हुए झारखंड देश के अग्रणी राज्यों में बनाए अपनी अहम पहचान : संतोष गंगवार

अगली सुबह जब कुछ लोग विद्यालय पहुंचे, तो उन्होंने फादर बेनेडिक्ट को अचेत और खून से लथपथ हालत में देखा. इस भयानक दृश्य को देख स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में उन्हें तुरंत खूंटी सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए तुरंत रांची रेफर कर दिया. वर्तमान में उन्हें रांची के पल्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है.

घायल फादर प्रिसिंपल
घायल फादर प्रिसिंपल बेनेडिक्ट बारला

वहीं घटना की जानकारी देते हुए स्कूल के फादर अनिल कुमार होरो ने बताया कि सुबह सूचना मिली कि फादर बेनेदिक बारला कमरे में बेहोश पड़े हैं. जब वे मौके पर पहुंचे तो कमरे का सारा सामान अस्त-व्यस्त और बिखरा हुआ पाया गया. इसके बाद उनके सहयोगी फादर निकोलस और संजय सोरेंग की मदद से घायल फादर को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया. फादर अनिल ने आशंका जताई कि यह वारदात देर रात या अहले सुबह की हो सकती है, क्योंकि रात के वक्त उस हिस्से में कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं रहता था. उन्होंने कहा कि हमला गोली मारकर किया गया है या किसी अन्य धारदार हथियार से, यह मेडिकल जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा.

ये भी पढ़ें: टाइगर श्रॉफ़ पर हुए जानलेवा हमला की जांच को लेकर मुंबई पुलिस की टीम कोटा पहुँची, सोमवार को 3 आरोपी हुए थे गिरफ्तार

मौके पर पहुंचे एसपी और एसडीपीओ

हमले की सूचना मिलते ही खूंटी के पुलिस अधीक्षक (SP), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) समेत तमाम आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए.

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

हमलावरों की तलाश जारी

फिलहाल पुलिस के सामने यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि इस जानलेवा हमले के पीछे की असली वजह क्या थी और किन अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं- आपसी रंजिश, लूटपाट या अन्य कारणों को ध्यान में रखकर गहन छानबीन कर रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही हमलावरों की पहचान कर उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा. इस घटना के बाद से स्थानीय इलाके और मसीह समाज में भारी रोष एवं चिंता का माहौल है.

एयर नाऊ स्पेशल

Radhakrishna Kishore Podcast: राजनीति में आने की वजह से...

Radhakrishna Kishore Podcast: झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर अपने बेबाक अंदाज और साफगोई के लिए जाने जाते हैं। एयरनाऊ के खास पॉडकास्ट...
- Advertisement -spot_img

सोशल मीडिया

25,000FansLike
40,000FollowersFollow
500FollowersFollow
113,000SubscribersSubscribe

ट्रेंडिंग ख़बर