हैदराबाद : तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में बीती रात एक मंदिर में तोड़फोड़ की घटना की खबर सामने आई। यह मामला शहर के पूरनपुल दरवाजा इलाके का है, जहां किसी अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर में घुसकर मूर्तियों और धार्मिक प्रतीकों को नुकसान पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और गुस्से में विरोध प्रदर्शन करने लगे। पुलिस के मुताबिक, देर शाम जब लोगों ने मंदिर में तोड़फोड़ देखी तो वे काफी गुस्से में आ गए। कुछ स्थानों पर पथराव और हंगामे की भी खबरें सामने आईं। हालांकि, पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचे और इलाके को शांत करने की कोशिश की।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, गुरूवार सुबह हैदराबाद के सांसद और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उन्हें शांत रहने की अपील की। ओवैसी ने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और इसके दोषी को जल्द पकड़ा जाएगा। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
वहां मौजूद पुलिस ने बताया कि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि मंदिर में तोड़फोड़ किसने और क्यों की। लेकिन, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश जारी है। इस घटना को लेकर राजनीति भी तेज हो गई है। तेलंगाना बीजेपी ने कांग्रेस सरकार पर हमला करते हुए कहा कि राज्य में हिंदू मंदिर सुरक्षित नहीं हैं। साथ ही बीजेपी नेताओं ने घटनास्थल का दौरा कर मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की।


