खेल : भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट अचानक डिएक्टिवेट होने की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर हलचल मच गई। गुरूवार देर रात फैंस ने देखा कि कोहली का इंस्टाग्राम प्रोफाइल सर्च करने या लिंक खोलने पर ये पेज उपलब्ध नहीं है या ये लिंक खराब है जैसे मैसेज दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद से ही लाखों फैंस असमंजस में पड़ गए और तरह-तरह के कयास लगाए जाने लगे।
Highlights:
हालांकि, इस पूरे मामले को लेकर अभी तक विराट कोहली या उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यह साफ नहीं हो पाया है कि कोहली ने खुद अपना अकाउंट डिएक्टिवेट किया है या फिर यह किसी तकनीकी खराबी का नतीजा है। कोहली के इंस्टाग्राम पर 274 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं, ऐसे में उनका अकाउंट अचानक गायब होना फैंस के लिए चौंकाने वाला रहा।
अनुष्का शर्मा के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर सवाल
इस घटना के बाद फैंस ने कोहली की पत्नी और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के सोशल मीडिया अकाउंट्स का पर सवाल करना शुरू कर दिया। जिनमें फैंस विराट के इंस्टाग्राम अकाउंट के डिएक्टिवेट होने की वजह पूछते नजर आए। हालांकि, शुक्रवार को सुबह उनका एकाउंट दोबारा एक्टिव हो गया और किंग की वापसी हो गई। अनुष्का शर्मा ने भी अब तक इस मामले में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
गौरतलब है कि विराट कोहली सोशल मीडिया से मोटी कमाई करने वाले खिलाड़ियों में शामिल हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए लाखों रुपये कमाते हैं। ऐसे में उनका अकाउंट जानबूझकर डिएक्टिवेट किया जाना थोड़ा असंभव सा माना जा रहा है, जिससे तकनीकी गड़बड़ी की आशंका और मजबूत होती है।
वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में नंबर-1
क्रिकेट के मैदान पर अगर बात करें तो विराट कोहली इस समय शानदार फॉर्म में हैं। हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज में उन्होंने बेहतरीन बल्लेबाजी की थी। दूसरे वनडे में कोहली ने 124 रनों की शानदार पारी खेली और इसके बाद वह एक बार फिर आईसीसी वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में नंबर-1 पर पहुंच गए हैं। अब फैंस को सिर्फ इस बात का इंतजार है कि कोहली या उनकी टीम इस सोशल मीडिया रहस्य से पर्दा उठाए।


