बिहार : बिहार में विधानसभा चुनाव के तहत 6 नवंबर को पहले चरण का मतदान होना है. इसी दिन मोकामा विधानसभा क्षेत्र में भी वोट डाले जाएंगे, लेकिन उससे पहले ही गुरुवार को चुनाव प्रचार के दौरान हुई एक घटना में मोकामा में कथित बाहुबली नेता दुलारचंद यादव की हत्या की घटना को अंजाम दिया गया, उससे उनके समर्थक खासे नाराज और गुस्से में नजर आ रहे हैं. समर्थकों का गुस्सा शुक्रवार को भी नजर आया, जब दुलारचंद यादव की शवयात्रा निकाली गई. इस दौरान एक बार फिर हिंसा भड़क उठी, जब मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाते समय दो पक्षों के बीच भारी पत्थरबाजी और झड़प हुई, जिससे माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया है.
बताया जा रहा है कि जब दुलारचंद यादव का शव पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया जा रहा था तो इसी दौरान रास्ते में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते पत्थरबाजी शुरू हो गई. इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल है, जिसमें दोनों पक्षों को एक-दूसरे पर पत्थर फेंकते हुए देखा जा सकता है. स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना में कई वाहनों के शीशे टूट गए और कुछ गाड़ियों को गंभीर नुकसान पहुंचा. वहीं भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा. लोगों का कहना है कि यह हमला पूरी तरह सुनियोजित था.
इस संबंध में बाढ़ एसडीपीओ ने बताया कि मौके पर मौजूद पुलिस बलों की तत्परता के कारण स्थिति बेकाबू नहीं हुई. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और भीड़ को तितर-बितर किया, जिसके बाद से स्थिति नियंत्रण में है. इस घटना के बाद इलाके में मौजूद तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती की गई है तो इसके साथ ही फ्लैग मार्च भी किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि वीडियो फुटेज के सहारे पत्थरबाजी में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है.


