उत्तरप्रदेश : ग्रामीण विकास और श्रमिकों के हितों से जुड़े VB-G RAM G एक्ट को लेकर सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई है। इस कानून पर उठ रहे सवालों के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और INDIA गठबंधन पर निशाना साधते हुए इसे गांव, किसान और मजदूरों के भविष्य से जुड़ा अहम कदम बताया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और उनका INDIA गठबंधन इस महत्वपूर्ण कानून पर लगातार सवाल उठा रहे हैं, जो हैरानी की बात है। उन्होंने कहा कि देश के हित, मजदूरों, किसानों और गांवों के विकास के लिए लाए गए इस कानून का विरोध करने के बजाय INDIA गठबंधन को प्रधानमंत्री और NDA का आभार जताना चाहिए था। लेकिन वे खुलेआम पुरानी भ्रष्ट प्रथाओं का समर्थन कर रहे हैं। सीएम योगी ने कहा कि VB-G RAM G एक्ट एक ऐसा कानून है, जो पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित करता है, रोजगार के अवसर पैदा करता है और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी संपत्तियों के निर्माण में मदद करेगा। इससे गांवों के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि यह कानून विकसित भारत की नींव बनेगा। विकसित भारत का सपना तभी साकार हो सकता है, जब राज्य विकसित हों और राज्य तभी विकसित होंगे, जब गांव मजबूत और आत्मनिर्भर बनेंगे। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करना, किसानों को आत्मनिर्भर बनाना और मजदूरों को सामाजिक सुरक्षा व सम्मान देना इस कानून का मुख्य उद्देश्य है। सीएम योगी ने कहा कि पहले श्रमिकों के अधिकारों के साथ अन्याय होता था। पिछली सरकारों के समय हर जिले से भ्रष्टाचार की शिकायतें आती थीं। अब मजदूरों को समय पर भुगतान होगा और केवल औपचारिक हाजिरी भरने की व्यवस्था खत्म होगी। यह कानून ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने बताया कि इस योजना में टेक्नोलॉजी को कानूनी अधिकार के रूप में शामिल किया गया है। बायोमेट्रिक उपस्थिति, जियो-टैगिंग, सैटेलाइट इमेजरी और रियल-टाइम मोबाइल ऐप मॉनिटरिंग के जरिए कार्यों की निगरानी की जाएगी। साथ ही, डीबीटी के माध्यम से श्रमिकों के खातों में सीधे भुगतान होगा, जिससे फर्जी नामों पर पैसा उठाने की व्यवस्था पूरी तरह बंद हो जाएगी। सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनके शासनकाल में मनरेगा में बड़े घोटाले हुए, जिनकी जांच आज भी चल रही है।
वहीं, मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा लाई गई विकसित भारत G RAM G योजना गरीबों और जरूरतमंदों के हित में है। उन्होंने कहा कि समय के साथ मोदी सरकार समाज की बदलती जरूरतों को समझते हुए जमीनी स्तर पर काम कर रही है और यह योजना उसी दिशा में एक मजबूत कदम है।



