न्यूज डेस्क: अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में आयोजित सालाना व्हाइट हाउस कॉरस्पॉन्डेंट डिनर के दौरान शनिवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब कार्यक्रम स्थल के बाहर अचानक फायरिंग की घटना हुई। उस समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस समेत कई बड़े अधिकारी कार्यक्रम में मौजूद थे। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए राष्ट्रपति और अन्य वीआईपी मेहमानों को सुरक्षित बाहर निकाला। शुरुआती जानकारी में हमलावर के मारे जाने की खबर आई थी, लेकिन बाद में राष्ट्रपति ट्रम्प ने बताया कि संदिग्ध को जिंदा पकड़ लिया गया है।
Highlights:
होटल के बाहर हुई फायरिंग
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फायरिंग होटल के बॉलरूम के बाहर हुई, जहां डिनर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। उस समय अंदर बड़ी संख्या में पत्रकार, राजनेता, अधिकारी और मेहमान मौजूद थे। गोली चलने की आवाज सुनते ही कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। कई लोग अपनी सीटों के नीचे छिप गए, जबकि सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया। घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद राष्ट्रपति ट्रम्प ने मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह हमला केवल एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि अमेरिका के संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला है।

Air Now के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें:-
उन्होंने कहा कि सीक्रेट सर्विस ने तेजी से कार्रवाई कर मेरी जान बचाई। सुरक्षा अधिकारियों ने बेहद बहादुरी दिखाई। एक अधिकारी को गोली लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट होने के कारण वह सुरक्षित है। ट्रम्प ने बताया कि हमलावर के पास अत्याधुनिक और शक्तिशाली हथियार था। उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी त्वरित कार्रवाई से बड़ा नुकसान टल गया।

सोशल मीडिया पर भी दी जानकारी
घटना के बाद ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि वॉशिंगटन में शाम काफी तनावपूर्ण रही, लेकिन सीक्रेट सर्विस और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने शानदार काम किया। उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्होंने कार्यक्रम को जारी रखने की सलाह दी है। कार्यक्रम में मौजूद पत्रकारों और मेहमानों ने उस पल को बेहद डरावना बताया। एक रिपोर्टर ने कहा कि पहले उन्हें लगा कि शायद कोई सामान गिरा है, लेकिन कुछ सेकेंड बाद माहौल बदल गया। वेटर और स्टाफ तेजी से सुरक्षित जगहों की ओर भागने लगे। लोग टेबलों के नीचे छिप गए और पूरे हॉल में डर का माहौल बन गया। कुछ ही मिनटों में भारी हथियारों से लैस सुरक्षा एजेंट हॉल में पहुंच गए और राष्ट्रपति को सुरक्षित बाहर ले जाया गया।

कैबिनेट अधिकारियों को भी हटाया गया
घटना के दौरान अमेरिकी प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद थे। सुरक्षा एजेंसियों ने सभी अधिकारियों को अलग-अलग रास्तों से सुरक्षित बाहर निकाला। कई अधिकारी तब तक जमीन पर लेटे रहे, जब तक सुरक्षा टीम ने पूरे इलाके को सुरक्षित घोषित नहीं कर दिया। इस घटना के बाद अमेरिका की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इतने बड़े हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम के दौरान फायरिंग होना सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है। फिलहाल जांच एजेंसियां हमलावर की पहचान, उसके मकसद और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही हैं।


