Saturday, October 31, 2026

गुजरात, उत्तर प्रदेश व कर्नाटक में कोर्ट और ट्रेन को बम से निशाना बनाने की धमकी, केरल में 12 देसी विस्फोटक बरामद

न्यूज डेस्क : मंगलवार को देश के अलग-अलग हिस्सों में बम से उड़ाने की धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी। गुजरात, उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में कोर्ट और ट्रेन को निशाना बनाने की धमकियां मिलीं, जबकि केरल में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई देसी विस्फोटक बरामद किए। हालांकि राहत की बात यह रही कि धमकी वाले स्थानों से कोई भी विस्फोटक नहीं मिला, लेकिन सभी मामलों में जांच तेज कर दी गई है।

गुजरात में हाईकोर्ट सहित छह अदालतों को आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी दी गई। सूरत कोर्ट की आधिकारिक ईमेल आईडी पर सोमवार देर रात धमकी भरा मेल आया, जिसे सुबह कर्मचारियों ने देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद आनंद, राजकोट, अहमदाबाद और भरूच की सेशन कोर्ट को भी इसी तरह के ईमेल मिले। बम स्क्वॉड और पुलिस टीमों ने सभी अदालत परिसरों की गहन जांच की, लेकिन कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस के अनुसार, धमकी लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (LTTE) के नाम से दी गई थी। अहमदाबाद ग्रामीण न्यायालय को एक दिन पहले भी इसी तरह की धमकी मिली थी, जिसके बाद कुछ समय के लिए कोर्ट का कामकाज रोक दिया गया था।

उत्तर प्रदेश के मऊ रेलवे जंक्शन पर भी मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब काशी एक्सप्रेस ट्रेन में बम होने की सूचना मिली। धमकी मिलते ही ट्रेन को स्टेशन पर रोक दिया गया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मऊ के पुलिस अधीक्षक इलामरन जी ने बताया कि सुबह करीब 9:30 बजे कंट्रोल रूम में कॉल आई थी। इसके बाद हर कोच की गहन तलाशी ली गई। जांच के दौरान एक कोच में संदिग्ध बैग देखकर यात्री घबरा गए और बाहर की ओर दौड़ पड़े। मौके पर पहुंचे कोतवाल अनिल सिंह ने साहस दिखाते हुए झाड़ू की मदद से बैग को बाहर निकाला। बाद में बम स्क्वॉड की जांच में बैग से कोई विस्फोटक नहीं मिला। करीब तीन घंटे चले सर्च ऑपरेशन के बाद स्थिति सामान्य हुई और पुलिस ने कॉल को फर्जी बताया।

कर्नाटक के मैसुरु जिला कोर्ट को भी मंगलवार को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। एहतियात के तौर पर पूरे कोर्ट परिसर को खाली कराया गया और न्यायिक कार्यवाही अस्थायी रूप से रोक दी गई। बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली, लेकिन यहां भी कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इस बीच केरल के कन्नूर जिले से एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों से कुल 12 देसी विस्फोटक उपकरण बरामद किए हैं। इनमें चार स्टील बम भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, पनूर थाना क्षेत्र के मोकरी इलाके में एक स्कूल ग्राउंड से आठ देसी क्रूड बम बरामद हुए, जो तिरपाल शीटों के नीचे छिपाकर रखे गए थे। वहीं, कन्नावम इलाके के एक सुनसान भूखंड से एक बैग में रखे चार स्टील बम मिले हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों बरामदगी के मामलों के बीच कोई संबंध है या नहीं। फिलहाल सभी राज्यों में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और धमकियों व विस्फोटकों से जुड़े मामलों की गहन जांच जारी है।

एयर नाऊ स्पेशल

Radhakrishna Kishore Podcast: राजनीति में आने की वजह से...

Radhakrishna Kishore Podcast: झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर अपने बेबाक अंदाज और साफगोई के लिए जाने जाते हैं। एयरनाऊ के खास पॉडकास्ट...
- Advertisement -spot_img

सोशल मीडिया

25,000FansLike
40,000FollowersFollow
500FollowersFollow
113,000SubscribersSubscribe

ट्रेंडिंग ख़बर