धनबाद : धनबाद के बलियापुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो पेशेवर चोरों को गिरफ्तार किया है। इनकी गिरफ्तारी से छह चोरी कांडों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने इनके पास से लाखों रुपए के जेवरात, मोबाइल, लैपटॉप और इलेक्ट्रिक ड्रिल मशीन समेत कई चोरी की वस्तुएं बरामद की हैं।
Highlights:
1 सितंबर को हुआ था बड़ा चोरी मामला
यह कार्रवाई बलियापुर थाना क्षेत्र के आमटाल में 1 सितंबर 2025 को हुई चोरी की घटना के बाद तेज की गई थी। उस रात चंडी चरण चटर्जी के घर से चोरों ने 50 हजार रुपए नगद, 7 से 8 भर सोने के गहने, मोबाइल फोन, गाड़ी की चाबी, आधार कार्ड, वोटर कार्ड सहित कीमती सामान चोरी कर लिया था। इसी मामले में पुलिस ने जांच शुरू की थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
छापेमारी में पुलिस ने जिन दो अपराधियों को पकड़ा है, उनकी पहचान इस प्रकार है-
- बादल महतो (23) निवासी : बालुगदा, झरिया
- ललन मंडल उर्फ लाला (23) निवासी : बेलगड़िया कॉलोनी, धनबाद
पूछताछ में दोनों ने न सिर्फ आमटाल चोरी, बल्कि झरिया, बोरागढ़ और जोरापोखर थाना क्षेत्रों में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में शामिल होने की भी बात स्वीकार की है।
Also Read : 30 नवंबर को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले रांची वनडे क्रिकेट मैच को लेकर JSCA में महत्वपूर्ण बैठक
कई थानों में दर्ज हैं मामले
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों आरोपी लंबे समय से चोरी की वारदातों को अंजाम देते आ रहे थे। इनके खिलाफ झरिया, जोरापोखर, तिसरा और बलियापुर थाना क्षेत्रों में कई मामले पहले से दर्ज हैं।
बरामदगी और आगे की कार्रवाई
पुलिस ने जिन सामानों को जब्त किया है, उनमें –
- सोने के गहने
- लैपटॉप
- मोबाइल फोन
- इलेक्ट्रिक ड्रिल मशीन
- नकद और अन्य कीमती वस्तुएं
शामिल हैं। सभी बरामदगी का सत्यापन कराया जा रहा है और न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बलियापुर पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी की वारदातों पर बड़ी नकेल कसी गई है। पुलिस का कहना है कि आगे भी ऐसी अपराध गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा।


