दुमका: शहर के नगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सदर आरक्षी निरीक्षक कार्यालय के पिछले बरामदे से एक महिला और उसकी छह वर्षीय बेटी का शव बरामद हुआ। दोनों के चेहरे पर खून के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, वीर कुंवर सिंह चौक स्थित सदर इंस्पेक्टर कार्यालय के पीछे बने बरामदे में एक करीब 30 वर्षीय अर्ध विक्षिप्त महिला और उसकी छह साल की बच्ची का शव पड़ा मिला। सुबह मॉर्निंग वॉक कर लौट रहे लोगों की नजर जब शव पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी। देखते ही देखते घटनास्थल पर भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला और बच्ची के नाक और मुंह से खून निकल रहा था। दोनों के चेहरे पर भी खून के धब्बे थे, जिससे प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि मां-बेटी की हत्या की गई है। सूचना मिलते ही दुमका नगर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध हैं।


