धनबाद : उपायुक्त आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार खुद सड़क पर उतरे और एनएच-19 के किनारे किए गए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान बुलडोजर चलाकर सड़क पर बने चबूतरों, दुकानों और अन्य अवैध निर्माणों को हटाया गया। प्रशासन का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाना और आम लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत दिलाना है।

गोविंदपुर में एलिवेटेड फ्लाईओवर निर्माण कार्य और भारी वाहनों के दबाव के कारण लंबे समय से जाम की समस्या बनी हुई है। हालात ऐसे हो रहे थे कि एंबुलेंस तक घंटों जाम में फंस रही थीं। इसके अलावा लोगों की फ्लाइट छूटने और छात्रों की परीक्षाओं में देरी जैसी शिकायतें भी सामने आ रही थीं। इसी को देखते हुए जिला प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने के लिए सख्त कदम उठाया।
उपायुक्त आदित्य रंजन के अनुसार, प्रशासन पिछले करीब छह महीनों से अतिक्रमण हटाने के लिए लोगों को व्यक्तिगत नोटिस दे रहा था और लगातार मुनादी कराकर अपील भी की जा रही थी। करीब 80 प्रतिशत लोगों ने खुद ही अतिक्रमण हटा लिया था, जबकि शेष 10 से 20 प्रतिशत अवैध कब्जों को प्रशासनिक टीम ने हटाया।

अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ सड़क को सुगम बनाने के लिए भी काम किया जा रहा है। सड़क से ऊंचे नाली के स्लैब को काटकर सड़क के स्तर पर लाया जा रहा है। बिजली के खंभों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जा रहा है। वहीं, सर्विस लेन के गड्ढों को भरने और रोलर चलाकर सड़क को समतल बनाने का काम भी जारी है। उपायुक्त ने बताया कि एलिवेटेड फ्लाईओवर का निर्माण अगले वर्ष नवंबर तक पूरा करने का निर्देश दिया गया है।
वही एसएसपी प्रभात कुमार ने ट्रैफिक डीएसपी को यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए ठोस कार्ययोजना लागू करने का निर्देश दिया है। फ्लाईओवर निर्माण एजेंसी को भी निर्माण क्षेत्र के दोनों ओर पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित वॉलेंटियर तैनात करने को कहा गया है, ताकि वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने में ट्रैफिक पुलिस को सहयोग मिल सके।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आम लोगों की सुविधा तथा सुरक्षित आवागमन के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा। वहीं, स्थानीय लोगों ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे गोविंदपुर में जाम की समस्या से राहत मिलेगी।

