देहरादून : जौलीग्रांट स्थित हिमालय विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रही मुजफ्फरनगर की 19 वर्षीय छात्रा की हॉस्टल के कमरे में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया है।
Highlights:
बीआरआईटी कोर्स के प्रथम वर्ष की छात्रा
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान तान्या चौहान (19) के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के ब्रह्मपुरी क्षेत्र की रहने वाली थीं। वह हिमालय विश्वविद्यालय में रेडियोलॉजी के बीआरआईटी कोर्स के प्रथम वर्ष की छात्रा थीं और अगस्त 2025 में उन्होंने यहां दाखिला लिया था। बताया गया है कि वह कुछ दिन पहले ही घर से लौटकर हॉस्टल आई थीं।
कुछ दिनों तक मानसिक तनाव में थी छात्रा
जौलीग्रांट चौकी के एएसआई ईश्वर सिंह सैनी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया गया। प्रारंभिक जांच में किसी बाहरी हस्तक्षेप के संकेत नहीं मिले हैं। पुलिस का कहना है कि छात्रा पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थी, हालांकि इसके पीछे के कारणों की पुष्टि अभी जांच के बाद ही हो सकेगी।
पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी
कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक विनोद राणा ने बताया कि मौके पर फोरेंसिक टीम ने बारीकी से जांच की है और पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी भी कराई गई है। छात्रा के सहपाठियों, हॉस्टल स्टाफ और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि परिस्थितियों को स्पष्ट किया जा सके।
मामले की विस्तृत जांच जारी
विश्वविद्यालय प्रशासन ने घटना पर गहरा दुख जताया है और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। प्रशासन ने पुलिस जांच में पूर्ण सहयोग देने की बात कही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की विस्तृत जांच जारी है।


