अहमदाबाद: नरेंद्र मोदी स्टेडियम में बुधवार को टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास का पहला डबल सुपर ओवर देखने को मिला। रोमांच से भरे मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने अफगानिस्तान को दूसरे सुपर ओवर में हराकर यादगार जीत दर्ज की। निर्धारित 20 ओवर में दोनों टीमों ने 187-187 रन बनाए। 188 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही अफगानिस्तान की टीम को आखिरी ओवर में जीत के लिए 3 गेंदों पर 2 रन चाहिए थे, लेकिन चौथी गेंद पर फजलहक फारूकी रनआउट हो गए और मैच टाई हो गया।
Highlights:
पहला सुपर ओवर भी रहा बराबरी पर
टाई के बाद खेले गए पहले सुपर ओवर में दोनों टीमों ने 17-17 रन बनाए। अफ्रीका के ट्रिस्टन स्टब्स ने आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर स्कोर बराबर किया और मुकाबला दूसरे सुपर ओवर तक पहुंच गया। दूसरे सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका ने 6 गेंदों पर 23 रन बनाए और अफगानिस्तान को 24 रन का लक्ष्य दिया। ट्रिस्टन स्टब्स और डेविड मिलर ने तीन छक्के लगाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में अफगानिस्तान की शुरुआत खराब रही और दूसरी गेंद पर मोहम्मद नबी आउट हो गए। इसके बाद रहमानुल्लाह गुरबाज ने लगातार तीन गेंदों पर छक्के जड़कर उम्मीद जगाई, लेकिन टीम लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी और अफ्रीका ने मैच अपने नाम कर लिया।
अफ्रीका की पारी
टॉस जीतकर अफगानिस्तान ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। साउथ अफ्रीका के लिए रायन रिकेल्टन ने 61 और क्विंटन डी कॉक ने 59 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। डेविड मिलर 20 रन बनाकर नाबाद रहे। अफगानिस्तान की ओर से अजमतुल्लाह उमरजई ने 3 विकेट, राशिद खान ने 2 विकेट और फजलहक फारूकी ने 1 विकेट लिया। यह टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पहली बार हुआ जब मैच का फैसला डबल सुपर ओवर से हुआ। रोमांचक मुकाबले ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा और क्रिकेट प्रेमियों को एक यादगार मैच देखने को मिला।


