रांची: झारखंड के सरायकेला खरसांवा जिले में कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के कई थाना एवं ओपी प्रभारियों का तबादला करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी गई है. जारी किए गए आदेश के मुताबिक, सोनू कुमार को राजनगर थाना का नया थाना प्रभारी बनाया गया है. वहीं राजनगर के पूर्व थाना प्रभारी विपुल ओझा का तबादला कर उन्हें तिरुलडीह थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
इसे भी पढ़ें : SIR के नाम पर मतदाताओं के अधिकार से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी कांग्रेस : केशव महतो कमलेश
जिले के एसपी की ओर से जारी तबादला आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है. पुलिस पदाधिकारियों को अविलंब अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है. जारी आदेश के अनुसार चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार को सीनी ओपी प्रभारी बनाया गया है. वहीं, खरसावां में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर संजीव कुमार सिंह को चौका थाना प्रभारी की कमान दी गई है.
इसके अलावा, कांड्रा थाना में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर नरसिंह मुंडा को दलभंगा ओपी प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि विनोद तिर्की को कांड्रा थाना का नया थाना प्रभारी बनाया गया है. जिले में पुलिस विभाग के इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद नए पदस्थापित अधिकारियों के सामने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने तथा आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी होगी.


