रांची : झारखंड के धनबाद जिले के कतरास-जोगता थाना क्षेत्र अंतर्गत सिजुआ काली मंदिर के समीप मंगलवार सुबह अचानक हुए भीषण भू-धंसान की घटना में कई आवासीय मकान जमींदोज हो गए. आशंका जताई जा रही है कि इस घटना में घरों में मौजूद कई लोग मलबे में दब गए हैं. घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने अपने स्तर से राहत और बचाव कार्य शुरू किया. मलबे के नीचे दबे लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया. घटना के बाद से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है.
इसे भी पढ़ें : साहिबगंज में गंगा का रौद्र रूप, खतरे के निशान से 1.22 मीटर ऊपर पहुंचा जलस्तर, निचले इलाकों में भरा पानी
भू-धंसान के सटीक कारणों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है. हालांकि, स्थानीय निवासियों ने बीसीसीएल क्षेत्र में कथित रूप से हो रहे अवैध कोयला खनन को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है. ग्रामीणों का आरोप है कि जमीन धंसने और भूमिगत खदानों में अनियंत्रित गतिविधियों के कारण यह हादसा हुआ है. घटना और प्रशासनिक उपेक्षा से नाराज लोगों ने कतरास-सिजुआ मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. प्रदर्शनकारी उच्चस्तरीय जांच, बीसीसीएल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई तथा पीड़ित परिवारों के लिए उचित मुआवजे और पुनर्वास की मांग कर रहे हैं.

