गिरिडीह : बगोदर में 27 वर्षीय मिथिलेश यादव उर्फ छोटी यादव की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। पुलिस ने सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए होटल मालिक महेश रजक और उसके कर्मचारी सीमा ठाकुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि बीयर के पैसे को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। आरोपितों ने नशे में धुत मिथिलेश का पीछा किया और सुनसान रास्ते में टांगी व सब्बल से हमला कर उसकी हत्या कर दी। बाद में हत्या को सड़क हादसा दिखाने की साजिश भी रची गई।
Highlights:
पहले बीयर, फिर विवाद और आखिर में खूनी खेल
पुलिस के अनुसार, 13-14 अगस्त की देर रात करीब 1:45 बजे मिथिलेश यादव घाघरा स्थित रिंकू होटल पहुंचा था। उसने पहले एक बीयर पी और दूसरी बीयर मांगी। होटल संचालक ने पैसे मांगे। मिथिलेश ने भुगतान के लिए होटल के क्यूआर कोड की तस्वीर अपने मित्र को भेजकर रकम मंगाने की कोशिश की, लेकिन खाते में पैसा नहीं पहुंचा। इसके बाद बीयर देने से मना कर दिया गया। इसी बात को लेकर होटल मालिक और मिथिलेश के बीच धक्का-मुक्की की
विवाद के बाद मिथिलेश नशे की हालत में अपनी मोटरसाइकिल से घर की ओर निकल गया। करीब दो बजे होटल मालिक महेश रजक और कर्मचारी सीमा ठाकुर ने टांगी व सब्बल लेकर उसका पीछा शुरू कर दिया। सर्विस रोड पर कपसा मंदिर के पास मिथिलेश नशे के कारण असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़ा। इसी मौके का फायदा उठाकर दोनों ने उस पर टांगी और सब्बल से ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। हमले में मिथिलेश की मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपितों ने वारदात पर पर्दा डालने के लिए मिथिलेश की मोटरसाइकिल को क्षतिग्रस्त कर दिया और शव को सड़क पर इस तरह छोड़ दिया, ताकि मामला सड़क दुर्घटना का लगे। इसके बाद दोनों होटल लौट गए। घटना में इस्तेमाल टांगी और सब्बल को होटल के नीचे बने कमरे में छिपा दिया गया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच के लिए बगोदर-सरिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया। घटनास्थल के निरीक्षण, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मानवीय सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ी। पूछताछ में दोनों संदिग्धों की भूमिका सामने आने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

