धनबाद : धनबाद जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र के प्रधानखंता पंचायत के चरकी डूंगरी टोला में शनिवार की रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। एक घर से मां और बेटे का सड़ा हुआ शव बरामद हुआ। दोनों कई दिनों से घर से बाहर नहीं निकले थे। जब घर से तेज बदबू आने लगी तो स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
Highlights:
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जब दरवाजा तोड़ा गया तो घर के अंदर का नजारा देखकर लोगों के होश उड़ गए।
आंगन और चौकी पर मिले दो शव
पुलिस ने बताया कि घर के आंगन में 52 वर्षीय नोमो गोराई का शव पड़ा मिला, जबकि उनके 32 वर्षीय पुत्र कालीपद गोराई का शव अंदर चौकी पर था। दोनों शव कई दिनों पुराने थे और सड़ चुके थे, जिससे पूरे मोहल्ले में तेज दुर्गंध फैल गई थी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच, धनबाद भेज दिया है। घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में सनसनी और शोक का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने बताई यह जानकारी
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, कालीपद गोराई बीमार चल रहे थे। वह अविवाहित थे और सब्जी बेचने का काम करते थे।
ग्रामीणों का मानना है कि बीमारी की वजह से कालीपद की पहले मौत हुई होगी, और बेटे की मौत का सदमा मां नोमो गोराई सहन नहीं कर पाईं, जिससे उनकी भी मौत हो गई। हालांकि, कुछ लोगों का यह भी कहना है कि दोनों ने एक साथ जहर खाकर आत्महत्या की होगी या फिर किसी अन्य कारण से मौत हुई है।
Also Read : नए महिला क्रिकेट विश्व चैंपियन का फैसला आज, भारत और द. अफ्रीका के बीच मुंबई में खिताबी मुकाबला
पुलिस जांच में जुटी
बलियापुर थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार ने बताया कि घर का मुख्य दरवाजा और पिछला दरवाजा दोनों अंदर से बंद थे, जिससे हत्या की आशंका कम लग रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। हर एंगल से जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी सूचना दी है ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है कि आखिरी बार मां-बेटे को कब देखा गया था।
गांव में मातम का माहौल
इस घटना से पूरे प्रधानखंता पंचायत क्षेत्र में मातम छा गया है। ग्रामीणों का कहना है कि नोमो गोराई और उनका बेटा शांत स्वभाव के लोग थे और किसी से उनका विवाद नहीं था। अब सभी को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि यह प्राकृतिक मौत, आत्महत्या या किसी और वजह से हुई घटना है। धनबाद के चरकी डूंगरी टोला में मां-बेटे की संदिग्ध मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है, लेकिन जब तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आती, तब तक मौत का सही कारण रहस्य बना हुआ है।


